एंटरटेनमेंट डेस्क: बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान एक बार फिर दर्शकों को चौंकाने और हंसाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। इस बार उन्होंने अपने बेटे जुनैद खान और छोटे बेटे आज़ाद के साथ मिलकर कुछ ऐसा किया है, जो दर्शकों को 90 के दशक की ब्लॉकबस्टर कॉमेडी अंदाज़ अपना अपना की याद दिला देगा।
आमिर खान की नई फिल्म सितारे ज़मीन पर, जो 2007 की इमोशनल क्लासिक तारे ज़मीन पर का स्पिरिचुअल सीक्वल मानी जा रही है, अब डिजिटल प्लेटफॉर्म यूट्यूब पर 1 अगस्त 2025 से रिलीज़ हो रही है। सबसे खास बात यह है कि इसे महज ₹100 की किफायती कीमत पर कोई भी देख सकता है।
‘अंदाज़ अपना अपना’ की पैरोडी में पिता-पुत्र की जोड़ी का जलवा
यूट्यूब रिलीज़ की घोषणा को खास बनाने के लिए आमिर खान ने एक अनोखा तरीका अपनाया। उन्होंने एक प्रमोशनल वीडियो में खुद, जुनैद खान और आज़ाद खान के साथ मिलकर अंदाज़ अपना अपना की झलकियों को नए रंग में ढाला। इस प्रोमो में जहां आमिर और जुनैद की केमिस्ट्री देखने लायक है, वहीं नन्हे आज़ाद की उपस्थिति ने इस वीडियो को और भी खास बना दिया।
इस वीडियो को डायरेक्ट किया है वैभव बुंधू ने, जो फ़ीवर फ़िल्म्स के साथ मिलकर इस आइडिया को हकीकत में बदलने में सफल रहे। वैभव ने कहा, “आमिर खान जैसे कलाकार के साथ काम करना मेरे लिए एक सपना पूरा होने जैसा था। इस ऐड फिल्म में अंदाज़ अपना अपना को श्रद्धांजलि देना, एक यादगार अनुभव था।”
फिल्म में दस नए चेहरों की लॉन्चिंग
आर.एस. प्रसन्ना द्वारा निर्देशित और दिव्य निधि शर्मा की लिखी इस फिल्म में आमिर खान के साथ जेनेलिया देशमुख नजर आएंगी। खास बात यह है कि इस फिल्म के ज़रिए 10 नए प्रतिभाशाली कलाकारों को लॉन्च किया जा रहा है, जो इंडस्ट्री में एक नई लहर ला सकते हैं।

आमिर की प्रोडक्शन लाइन अप भी शानदार
सितारे ज़मीन पर के बाद आमिर खान प्रोडक्शंस दो बड़ी फिल्मों पर काम कर रहा है:
लाहौर 1947 – जिसमें सनी देओल और प्रीति जिंटा मुख्य भूमिकाओं में हैं।
एक दिन – जिसमें जुनैद खान और साई पल्लवी लीड रोल में होंगे।
फीवर फ़िल्म्स: एक नई सोच का प्रोडक्शन हाउस
इस कैंपेन को तैयार किया है फीवर फ़िल्म्स ने, जो एक क्रिएटिव ऐड फिल्म प्रोडक्शन हाउस है। यह टीम ब्रांड्स और एड एजेंसियों के साथ मिलकर ऐसी कहानियां गढ़ती है जो दिल से जुड़ जाएं। इससे पहले भी यह टीम अमिताभ बच्चन और आमिर खान जैसे दिग्गजों के साथ काम कर चुकी है।
ये भी पढ़े- नहीं रहे भाजपा के वरिष्ठ नेता यादवेन्द्र सिंह, राजनीति में दौड़ी शोक की लहर