एंटरटेनमेंट डेस्क : बहुमुखी अभिनेता अभिषेक बनर्जी ने इस साल अपना जन्मदिन कुछ खास अंदाज़ में मनाया। कैमरे के सामने खड़े होकर उनकी अगली बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘बाग़ी बेचारे’ की शूटिंग का आग़ाज़ ठीक उसी दिन हुआ, जब वे एक और साल बड़े हुए। अभिनय की दुनिया में अपनी मजबूत पकड़ बना चुके अभिषेक के लिए यह दिन दोहरी खुशी लेकर आया।
‘बाग़ी बेचारे’ एक पावर-पैक्ड प्रोजेक्ट है, जिसे ‘स्कैम 1992’ जैसे चर्चित शो के लेखक सुमित पुरोहित लिख और निर्देशित कर रहे हैं। इस फिल्म में अभिषेक के साथ प्रतीक गांधी और फै़सल मलिक (जो ‘पंचायत’ में अपनी शानदार अदाकारी के लिए जाने जाते हैं) भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
इस त्रयी की जोड़ी फिल्म को पहले से ही चर्चाओं में ला चुकी है, वहीं इसकी रचनात्मक टीम और ‘मिर्ज़ापुर’ के निर्माताओं का सहयोग इसे और भी खास बना देता है। फिल्म को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है, और इसके पहले शेड्यूल की शुरुआत ने उस उत्साह में और इज़ाफा किया है। अपने अनुभव को साझा करते हुए अभिषेक ने कहा, “जन्मदिन के दिन सेट पर होना मेरे लिए किसी तोहफे से कम नहीं। प्रतीक और फै़सल जैसे शानदार सह-कलाकारों के साथ काम करना सौभाग्य की बात है, और सुमित जैसे निर्देशकों के साथ यह सफर यकीनन यादगार रहेगा।”
वर्ष 2025 अभिषेक बनर्जी के लिए करियर के लिहाज से बेहद अहम साबित होने जा रहा है। ‘बाग़ी बेचारे’ के अलावा वह इस साल स्टोलन’, ‘महासंगम’ और ‘राणा नायडू सीजन 2’ जैसी बहुचर्चित परियोजनाओं में भी नजर आएंगे। फिल्म की रिलीज़ डेट का ऐलान फिलहाल नहीं हुआ है, लेकिन यह स्पष्ट है कि ‘बाग़ी बेचारे’ इस साल की सबसे प्रतीक्षित फिल्मों में से एक बन चुकी है।
ये भी पढ़ें: पंजाब को जल्द मिलेगा नया DGP: UPSC को भेजे जाएंगे 14 वरिष्ठ IPS अधिकारियों के नाम

