Dainik Savera Times

Aditya Gadhvi के Mumbai Concerts ने रचा इतिहास, लोक संगीत और आधुनिक फ्यूजन का जादुई संगम

Aditya Gadhvi Mumbai Concert : मुंबई: गुजरात की सांस्कृतिक आत्मा और लोक संगीत की धड़कन, आदित्य गढ़वी ने मुंबई में ऐसा समां बांधा कि संगीतप्रेमियों के दिलों में हमेशा के लिए जगह बना ली। ट्राइबवाइब एंटरटेनमेंट द्वारा निर्मित और BookMyShow एंटरप्राइज द्वारा प्रस्तुत इस ‘लाइव इन कॉन्सर्ट टूर’ ने मुंबई के गोरेगांव स्थित NESCO वेन्यू पर एक ऐसा सप्ताहांत रचा, जो संगीत और परंपरा के अनूठे संगम के रूप में याद किया जाएगा।

-बिक चुके टिकट और जुड़ा नया शो

14 जून के पहले शो के लिए 48 घंटों में सभी टिकट बिक जाने के बाद, आयोजकों को 15 जून को एक अतिरिक्त शो जोड़ना पड़ा। दोनों शामों में करीब 12,000 से अधिक प्रशंसक आदित्य गढ़वी की मधुर आवाज़ और मंत्रमुग्ध कर देने वाली प्रस्तुति के साक्षी बने।

-शुरुआत से समापन तक – एक संगीत यात्रा

‘सपना विनानी रात’ की कोमल शुरुआत से लेकर ‘खलासी’ के लोक-रॉक धमाके तक, गढ़वी ने दर्शकों को एक भावनात्मक और ऊर्जावान यात्रा पर ले जाया। पारंपरिक गीत जैसे ‘विट्ठल विट्ठल’ और ‘नागर नंदजी ना लाल’ के दौरान लोक नर्तकों की टोली ने मंच को रंगों और तालों से भर दिया। एक पल को ऐसा लगा मानो मुंबई नहीं, बल्कि कोई गरबा महोत्सव चल रहा हो!

-टेक्नोलॉजी और ट्रेडिशन का तालमेल

झिलमिलाती ज़ाइलोबैंड्स की रौशनी में जब हजारों दर्शक एक साथ थिरकते और गाते नजर आए, तो यह सिर्फ एक कॉन्सर्ट नहीं, एक सांस्कृतिक पर्व बन गया। हर गीत के साथ दृश्य और ध्वनि का मेल दर्शकों को एक नए आयाम में ले जाता रहा।

-सेलिब्रिटी भी बने प्रशंसक

इस संगीत यात्रा का हिस्सा बनने पहुंचे प्रसिद्ध संगीतकार अमित त्रिवेदी और लोकप्रिय गायक दर्शन रावल भी भीड़ के साथ उत्साहपूर्वक गाते और झूमते नजर आए, यह इस बात का प्रतीक था कि गढ़वी का संगीत सीमाओं से परे दिलों को छूता है।

-मुंबई के बाद, क्या है अगला पड़ाव?

अमेरिका के चार शहरों में पहले ही धमाल मचा चुके गढ़वी ने मुंबई में अपनी जड़ें और अधिक गहरी की हैं। अब यह देखना रोमांचक होगा कि इस लाइव टूर की अगली मंज़िल कौन सी होगी।

Exit mobile version