Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘मर्डर’ की जबरदस्त सफलता के बाद करना पड़ा शर्मिंदगी का सामना : Mallika Sherawat

October 14, 2024

‘मर्डर’ की जबरदस्त सफलता के बाद करना पड़ा शर्मिंदगी का सामना : Mallika Sherawat

मुंबई: हाल ही में रिलीज हुई फिल्म विक्की विद्या का वो वाला वीडियो में नजर आने वाली अभिनेत्री मल्लिका शेरावत ने बताया है कि कैसे उनकी फिल्म मर्डर की भारी सफलता के बाद उन्हें बॉलीवुड में शर्मिंदगी का सामना करना पड़ा था। रणवीर अल्लाहबादिया के पॉडकास्ट में नजर आई अभिनेत्री मल्लिका शेरावत ने बताया कि कैसे बॉलीवुड की सुपरहिट फिल्म मर्डर ने उनकी सफलता के नए आयाम खोले। वहीं इंडस्ट्री से उन्हें नफरत ही हाथ लगी। उन्होंने कहा, ‘उस समय मेरे साथ काफी गाली-गलौज की गई। मुझे लगता है कि वे चाहते थे कि मैं मर्डर की सफलता के बावजूद भी खुद पर शर्म महसूस करूं।’ उन्होंने कहा कि ‘मर्डर’ सिर्फ एक बोल्ड फिल्म ही नहीं थी बल्कि वह गहराई से जुड़ी एक खास फिल्म थी। उन्होंने आगे शेयर किया, ‘इतनी बड़ी सुपरहिट फिल्म सिर्फ बोल्ड सींस के आधार पर ही सुपरहिट नहीं हो सकती। इसकी कहानी बेहद खास थी।

इसकी स्टोरी की गहराई को महिलाओं ने बेहद पसंद किया। एक शादीशुदा महिला के अकेलेपन की यह कहानी दर्शकों को बेहद ही पसंद आई, जिसने इसे एक क्लासिक, कल्ट फिल्म का दर्ज दिया।’ जब उनसे पूछा गया कि फिल्म के निर्माता, महेश भट्ट ने उस समय उन्हें क्या कहा था, तो अभिनेत्री ने कहा, ‘मैं रोते हुए उनके पास जाती थी, भट्ट ने मुझसे कहा कि इसमें परेशान होने की जरूरत नहीं है इसका आनंद लो। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि जब वह तुम्हारे बारे में बात करना बंद कर देंगे, उस दिन तुम रोओगी।’ उन्होंने आगे बताया, ‘ भट्ट ने मुझसे कहा कि आपको खुश होना चाहिए कि वे आपके बारे में बात कर रहे हैं। वे कितनी महिलाओं के बारे में बात करते हैं। तो इस तरह, मुझे लगा कि वह मुझे मजबूत बनाने की कोशिश कर रहे थे और जिसने भी बॉलीवुड में लंबी पारी खेली है वह इस चीज से वाकिफ है।’ उन्होंने कहा, ‘बॉलीवुड में बहुत सारे उतार-चढ़ाव आते हैं। उनके साथ रहना, उन्हें सहना और अगले दिन का सामना मुस्कुराते हुए करना बहुत मुश्किल काम है।’

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें