Last Updated: November 29, 2026

Dainik Savera Times Logo

पाकिस्तानी सीरीज ‘जो बचे हैं संग समेट लो’ पर विवाद, AICWA ने PM मोदी को लिखा पत्र, नेटफ्लिक्स India पर बैन लगाने की मांग

November 29, 2026

पाकिस्तानी सीरीज ‘जो बचे हैं संग समेट लो’ पर विवाद, AICWA ने PM मोदी को लिखा पत्र, नेटफ्लिक्स India पर बैन लगाने की मांग

एंटरटेनमेंट न्यूज। पाकिस्तानी कलाकारों और वहां के मनोरंजन कंटेंट को भारत में दिखाए जाने का विरोध अब और तेज हो गया है। ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (एआईसीडब्ल्यूए) ने नेटफ्लिक्स की पाकिस्तानी सीरीज ‘जो बचे हैं संग समेट लो’ को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है। एसोसिएशन ने इस सीरीज की भारत में रिलीज रोकने के साथ-साथ नेटफ्लिक्स इंडिया पर प्रतिबंध लगाने और कंपनी के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

एसोसिएशन ने अपने पत्र में लिखा कि 4 दिसंबर 2026 को रिलीज होने वाली पाकिस्तानी सीरीज ‘जो बचे हैं संग समेट लो’ को भारत में किसी भी कीमत पर रिलीज न होने दिया जाए। सीरीज के प्रचार पर भी तत्काल रोक लगाई जाए। एआईसीडब्ल्यूए ने नेटफ्लिक्स इंडिया पर प्रतिबंध लगाने की भी मांग की है। उनका आरोप है कि कंपनी ने सरकार की ओर से जारी एडवाइजरी का पालन नहीं किया है। इसके अलावा नेटफ्लिक्स इंडिया के सीईओ और इस मामले में जिम्मेदार पाए जाने वाले अधिकारियों के खिलाफ कानून के मुताबिक कार्रवाई करने की मांग की गई है।

एसोसिएशन ने पाकिस्तानी कंटेंट के सभी स्रोतों पर रोक लगाने की बात भी उठाई है। इसमें पाकिस्तानी कलाकारों के सोशल मीडिया अकाउंट और पाकिस्तानी यूट्यूब चैनल भी शामिल हैं। उन्होंने भारतीय मनोरंजन जगत से भी नेटफ्लिक्स का बहिष्कार करने की अपील की है। उसने कलाकारों, निर्माताओं और दूसरे फिल्मकर्मियों से नेटफ्लिक्स को अपना कंटेंट न देने का आग्रह किया है। साथ ही भारतीय दर्शकों से भी प्लेटफॉर्म का सब्सक्रिप्शन रद्द करने की अपील की है।

एआईसीडब्ल्यूए ने चेतावनी दी है कि अगर नेटफ्लिक्स इस सीरीज को भारत में रिलीज करता है, तो संगठन उसके कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन करेगा। इसके साथ ही लोगों से भी सदस्यता रद्द करने की अपील की जाएगी। एसोसिएशन ने लिखा कि सैनिकों का बलिदान बिकाऊ नहीं है और पाकिस्तान के लिए भारतीय स्क्रीन पर कोई जगह नहीं होनी चाहिए। ‘जो बचे हैं संग समेट लो’ नेटफ्लिक्स की पहली पाकिस्तानी ओरिजिनल सीरीज है। यह मशहूर पाकिस्तानी लेखिका फरहत इश्तियाक के इसी नाम के उर्दू उपन्यास पर आधारित है। यह उपन्यास 2009 में ‘खवातीन डाइजेस्ट’ में धारावाहिक रूप में प्रकाशित हुआ था और 2013 में किताब के रूप में आया था। सीरीज का निर्देशन और निर्माण मोमिना दुरैद ने किया है।

इसकी कहानी तीन पीढ़ियों के बीच फैली छह प्रेम कहानियों को दिखाती है। इसमें फवाद खान, माहिरा खान, हानिया आमिर, सनम सईद, अहद रजा मीर, हमजा अली अब्बासी, इकरा अजीज, माया अली और बिलाल अशरफ जैसे कलाकार नजर आएंगे। सीरीज की शूटिंग पाकिस्तान के अलावा इटली और ब्रिटेन में भी हुई है। नेटफ्लिक्स ने इसका अंतरराष्ट्रीय प्रीमियर 4 दिसंबर 2026 को तय किया है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें