Last Updated: October 17, 2026

Dainik Savera Times Logo

Ajay Devgn: ‘क्राइम पेट्रोल’ के नए सीजन के स्पेशल होस्ट बनेंगे अजय देवगन, बोले- आंख मूंदकर किसी पर भरोसा न करें

August 31, 2026

Ajay Devgn: ‘क्राइम पेट्रोल’ के नए सीजन के स्पेशल होस्ट बनेंगे अजय देवगन, बोले- आंख मूंदकर किसी पर भरोसा न करें

Crime Patrol 2026: बॉलीवुड सुपरस्टार अजय देवगन अब टीवी के चर्चित क्राइम शो ‘क्राइम पेट्रोल’ से जुड़ने जा रहे हैं, जहां वह असल जिंदगी के अपराधों से जुड़ी कहानियों को दर्शकों तक पहुंचाएंगे। वह ‘क्राइम पेट्रोल’ के नए सीजन ‘क्राइम पेट्रोल-क्राइम का करंट सीजन’ को होस्ट करते दिखेंगे।

शो से जुड़ने को लेकर अभिनेता का कहना है कि उन्हें इसकी कहानियों में सबसे ज्यादा यही बात दिलचस्प लगती है कि ये वास्तविक अपराध मामलों से प्रेरित होती हैं। ऐसी कहानियां मनोरंजन के साथ-साथ लोगों को अपने आसपास की दुनिया को समझने और सावधान रहने का मौका भी देती हैं।

अजय देवगन ने शो के साथ अपने जुड़ाव पर बात करते हुए कहा, ”मुझे सबसे ज्यादा इसकी वास्तविक कहानियां आकर्षित करती हैं। शो में दिखाई जाने वाली घटनाएं अपराध के मामलों से प्रेरित होती हैं और इनमें से कुछ मामले बेहद चौंकाने वाले होते हैं। कई बार ऐसी घटनाओं में ऐसे लोग शामिल होते हैं, जिनके बारे में आम इंसान कभी सोच भी नहीं सकता। यही चीज मुझे इस शो को लेकर सबसे ज्यादा एक्साइटेड करती है।”

ये भी पढे़ं :– https://dainiksaveratimes.com/entertainment/amitabh-bachchan-gen-z-language-slang-reaction/

उन्होंने आगे कहा, “शो सिर्फ अपराध की कहानी दिखाने तक सीमित नहीं है। इसमें यह भी बताया जाता है कि किसी मामले को सुलझाने के लिए पुलिस और जांच से जुड़े अधिकारियों को कितनी मेहनत करनी पड़ती है। किसी केस को हल करने के पीछे की कोशिश और लगातार की जाने वाली मेहनत भी दर्शकों को देखने को मिलती है। मैं इस शो को केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं मानता, बल्कि इसे लोगों को जागरूक करने वाला कार्यक्रम भी मानता हूं।”

अभिनेता ने आगे कहा, ”’क्राइम पेट्रोल’ की कहानियां दर्शकों को अपने आसपास की परिस्थितियों को लेकर ज्यादा सावधान रहने का संदेश देती हैं। शो देखने के बाद लोगों को यह समझने में मदद मिलती है कि किसी अनजान या यहां तक कि जान-पहचान वाले व्यक्ति पर भी बिना सोचे-समझे भरोसा करना हमेशा सही नहीं होता। यह जागरूकता हर उम्र के लोगों के लिए जरूरी है, चाहे वे युवा हों, परिवार हों या बुजुर्ग।”

बता दें कि अजय के इस शो से जुड़ने की खबर आईएएनएस ने 10 अगस्त को दी थी। रिपोर्ट के मुताबिक, अभिनेता ने शो के लिए 15 एपिसोड की शूटिंग पहले ही पूरी कर ली है। हालांकि, अजय देवगन आगे भी शो को होस्ट करते रहेंगे या नहीं, यह दर्शकों की प्रतिक्रिया और शो की टीआरपी पर निर्भर करेगा।

शो से जुड़े एक सूत्र ने आईएएनएस को बताया था कि अजय के आगे के एपिसोड में बने रहने का फैसला दर्शकों की प्रतिक्रिया देखने के बाद किया जाएगा। अगर उनकी होस्टिंग को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिलता है और शो की टीआरपी बढ़ती है, तो उनकी मौजूदगी आगे भी जारी रहेगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें