
मुंबई : भारतीय फिल्म अभिनेता असरानी का निधन पिछले साल अक्तूबर में हो गया था। वह आगामी क्राइम थ्रिलर फिल्म ‘हैवान’ में नजर आएंगे। अभिनेता अक्षय कुमार ने असरानी के साथ स्क्रीन शेयर करने पर उनका आभार जताया। अक्षय कुमार ने इंस्टाग्राम पर फिल्म हैवान का एक छोटा-सा क्लिप शेयर किया, जिसमें असरानी अभिनय करते नजर आ रहे हैं। अक्षय कुमार ने इस पोस्ट के जरिए असरानी के आखिरी शॉट साथ में करने पर आभार जताया।
उन्होंने लिखा, मेरा सौभाग्य है कि मुझे इस महान कलाकार के साथ काम करने का मौका मिला और ‘हैवान’ में उनका आखिरी शॉट देखा। मिस यू असरानी जी आपके जैसा कोई नहीं हो सकता। अभिनेता असरानी आगामी फिल्म ‘हैवान’ में एक बहुत बूढ़े सुरक्षा गार्ड (वॉचमैन) की एक बेहद मजेदार और दिलचस्प भूमिका में नजर आएंगे। ‘हैवान’ उनके निधन के बाद आने वाली आखिरी फिल्मों में से एक है।
अक्षय कुमार और सैफ अली खान की फिल्म ‘हैवान’ 2016 की मलयालम सुपरहिट फिल्म ‘ओप्पम’ का आधिकारिक हिंदी रीमेक है, जिसे लेकर फैंस में काफी उत्सुकता देखने को मिल रही है, क्योंकि फिल्म में अक्षय कुमार और सैफ अली खान की जोड़ी एक बार फिर साथ नजर आएगी। इससे पहले दोनों अभिनेता फिल्म ‘टशन’ में नजर आए थे। ‘हैवान’ एक दमदार थ्रिलर फिल्म है, जिसका निर्देशन प्रियदर्शन ने किया है।