Site icon Dainik Savera Times

‘मिर्जापुर’ से ‘नयी नवेली’ तक, अलग अंदाज की कहानियों को पहचान दिला रहा Amazon MGM Studios

एंटरटेनमेंट डेस्क : आज भारतीय दर्शक अब सिर्फ पारंपरिक और एक जैसे फॉर्मूले वाली कहानियों तक सीमित नहीं रहना चाहते। वे ऐसी कहानियों की ओर तेजी से आकर्षित हो रहे हैं, जिनकी अपनी एक अलग आवाज़ हो, जिनके किरदार वास्तविक और सहज महसूस हों और जिनकी दुनिया में उन्हें कुछ नया देखने को मिले। ऐसे में Amazon MGM Studios द्वारा लगातार लीक से हटकर भारतीय कहानियों को समर्थन देना एक दिलचस्प ट्रेंड के तौर पर सामने आता है।

‘मिर्जापुर’ की शानदार सफलता से लेकर ‘वाइब’ और अब ‘नयी नवेली’ तक, ऐसा लगता है कि दर्शकों के बीच उन कहानियों के लिए स्पष्ट उत्सुकता है, जो किसी तय दायरे में आसानी से फिट नहीं बैठतीं। इन सभी कहानियों में एक समान बात नजर आती है ऐसा मनोरंजन पेश करने की कोशिश, जो अपनी जड़ों से जुड़ा होने के साथ-साथ समकालीन और अपनी अलग पहचान रखने वाला हो।

‘मिर्जापुर’ ने यह साबित किया कि जब किसी बेहद स्थानीय और अपनी मिट्टी से जुड़ी दुनिया को बड़े पैमाने और सही मंच का साथ मिलता है, तो वह कितनी बड़ी लोकप्रियता हासिल कर सकती है। ‘वाइब’ और ‘नयी नवेली’ के साथ Amazon MGM Studios अलग-अलग आवाज़ों, शैलियों और कहानी कहने के अंदाज को तलाशने की अपनी इसी सोच को आगे बढ़ाता हुआ नजर आ रहा है।

सबसे खास बात यह है कि ऐसी कहानियों पर भरोसा किया जा रहा है, जो पहली नजर में पारंपरिक मुख्यधारा के मनोरंजन से अलग दिखाई दे सकती हैं। लगातार प्रतिस्पर्धी होते स्ट्रीमिंग दौर में सिर्फ सुरक्षित रास्ता अपनाने के बजाय अलग और यादगार नजर आना कहीं ज्यादा महत्वपूर्ण हो सकता है।

यामी गौतम धर को एक बिल्कुल नए और अनदेखे अंदाज में पेश करने वाली ‘नयी नवेली’ भारत की अपनी फैंटेसी फैमिली एंटरटेनर है, जिसमें मस्ती, रहस्य, एक्शन और भरपूर मसाला मनोरंजन देखने को मिलेगा। दशहरे से पहले 16 अक्टूबर को पूरे भारत के सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही यह फिल्म त्योहारों के मौसम में दर्शकों के लिए मनोरंजन, फैंटेसी और भव्यता से भरपूर एक खास सिनेमाई अनुभव लेकर आ रही है।

फिल्म का निर्देशन बालाजी मोहन ने किया है, जबकि इसकी कहानी और पटकथा हिमांशु शर्मा और दिव्य निधि शर्मा ने लिखी है। फिल्म में आदिनाथ एम. कोठारे, अनुराग ठाकुर, सुनीता राजवर, मीता वशिष्ठ, आदित्य कुलश्रेष्ठ, सुस्मिता मुखर्जी, प्रतीक पचौरी, अक्षत सिंह, बबीता पांडे और नीरज सिंह भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे। आनंद एल. राय और हिमांशु शर्मा द्वारा निर्मित इस फिल्म का संगीत जी. वी. प्रकाश कुमार ने दिया है।

Exit mobile version