Last Updated: October 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

अमिताभ बच्चन और दिलजीत दोसांझ को धमकी मिलने से हड़कंप, ईमेल में 31 अक्टूबर और 27 नवंबर का जिक्र

October 23, 2026

अमिताभ बच्चन और दिलजीत दोसांझ को धमकी मिलने से हड़कंप, ईमेल में 31 अक्टूबर और 27 नवंबर का जिक्र

मुंबई। मुंबई में शुक्रवार को पुलिस को एक धमकी भरे ईमेल की जानकारी मिली। इस ईमेल में दिग्गज अभिनेता अमिताभ बच्चन के मुंबई स्थित घर ‘जलसा’ और सिंगर-एक्टर दिलजीत दोसांझ के नाम शामिल हैं। ईमेल में दोनों पर कथित हमले से जुड़ी बातें लिखी गई थीं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

रिपोर्ट के मुताबिक, यह धमकी भरा ईमेल मुंबई के बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (बीकेसी) इलाके के एक स्कूल को भेजा गया था। इसके बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी गई और जांच शुरू की गई। ईमेल में अमिताभ बच्चन के घर जलसा का जिक्र करते हुए 31 अक्टूबर और 27 नवंबर को कथित हमले की तारीखें बताई गई थीं। वहीं, दिलजीत दोसांझ का नाम 27 नवंबर को मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स में कथित बम हमले के संदर्भ में लिखा गया था।

धमकी भरे ईमेल में खालिस्तान समर्थक नारे भी लिखे थे। इसमें धमकी देने वाले ग्रुप के तौर पर ‘खालिस्तान नेशनल आर्मी’ का नाम था। मैसेज में अलग-अलग जगहों और समय का जिक्र करते हुए संभावित हमलों की चेतावनी दी गई थी। इसमें दोपहर 3 बजे मेयर के कार्यालय और दोपहर 1 बजे स्कूलों को निशाना बनाए जाने की बात भी लिखी गई थी। फिलहाल, पुलिस ईमेल की सत्यता और उसमें किए गए दावों की जांच कर रही है। एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक, दिलजीत दोसांझ 27 नवंबर को अपने इंडिया टूर के तहत मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स में परफॉर्म करने वाले हैं।

गौरतलब है कि दिलजीत दोसांझ का 30 अक्टूबर को दिल्ली में होने वाला कॉन्सर्ट भी हाल ही में सुरक्षा कारणों से चर्चा में रहा था। दिल्ली पुलिस ने शुरुआत में कार्यक्रम की अनुमति पर रोक लगाई थी। इस बीच, कार्यक्रम के आयोजक बुकमायशो लाइव ने उन खबरों को गलत बताया, जिनमें कॉन्सर्ट रद्द होने का दावा किया जा रहा था।

आयोजक ने दिए बयान में कहा था कि कार्यक्रम की अनुमति अस्थायी रूप से रोकी गई थी, लेकिन इसका मतलब यह नहीं था कि कॉन्सर्ट रद्द कर दिया गया है। फेस्टिवल सीजन और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने सुरक्षा, ट्रैफिक और भीड़ को संभालने के लिए अतिरिक्त इंतजाम करने को कहा था।

बुकमायशो लाइव ने बताया कि इसके बाद दिल्ली पुलिस के साथ सौहार्दपूर्ण बैठक हुई, जिसमें कार्यक्रम की विस्तृत योजना पेश की गई। आयोजकों ने अधिकारियों को भरोसा दिलाया कि सुरक्षा और ट्रैफिक से जुड़े सभी दिशा-निर्देशों का पालन किया जाएगा। इन चर्चाओं के बाद कॉन्सर्ट की अनुमति पर दोबारा विचार किया गया और मंजूरी दे दी गई। फिलहाल, मुंबई में अमिताभ बच्चन और दिलजीत दोसांझ का नाम लेकर सामने आए धमकी भरे ईमेल की जांच जारी है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें