Site icon Dainik Savera Times

39 साल बाद ‘मिस्टर इंडिया’ वाले लुक में लौटे Anil Kapoor, बोले- ‘चोर बाजार से खरीदी थी जैकेट’

एंटरटेनमेंट डेस्क: मज़ेदार पहेलियाँ, दिल छू लेने वाली कहानियाँ और 39 साल पुराना अनिल कपूर का वही यादगार ‘मिस्टर इंडिया’ लुक! इस वीकेंड स्टार प्लस का ‘इंडिया के टॉप 1%’ उन असल ज़िंदगी के ‘मिस्टर इंडिया’ को सलाम करेगा, जो बिना किसी बदले की उम्मीद के देश और समाज की सेवा करते हैं।

‘मिस्टर इंडिया’ की थीम पर आधारित इस खास एपिसोड में शो की दिलचस्प पहेलियों और खेल के साथ ऐसे लोगों की कहानियाँ भी सामने आएँगी, जो दूसरों की मदद को अपना फ़र्ज़ मानते हैं। इस मौके को और खास बनाते हुए अनिल कपूर उसी कोट, शर्ट और पतलून में नज़र आएँगे, जो उन्होंने इस यादगार फिल्म में पहनी थी। साथ ही, वह अपनी जैकेट की खरीदारी से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा भी सुनाएँगे।

अपने पुराने लुक को फिर अपनाने की खुशी साझा करते हुए अनिल कपूर कहते हैं, “शर्ट आज भी मुझे फिट आती है, पतलून भी फिट आती है और जैकेट भी। 39 साल बाद भी सब कुछ फिट है! टीम ने कहा कि काश हमें ‘मिस्टर इंडिया’ वाला कॉस्ट्यूम मिल जाता। मैंने कहा, ‘वह तो मैंने संभालकर रखा है!’”

BTS Video: 

इस खास एपिसोड के पीछे की सोच बताते हुए वह कहते हैं, “हम जो एपिसोड कर रहे हैं, उसका समाज से गहरा जुड़ाव है। यही फिल्म का मूल विचार भी था। फिल्म देखने के बाद राज कपूर साहब ने भी इसी बात का ज़िक्र किया था कि इस फिल्म से हमें क्या सीख मिलती है? यही कि हर कोई ‘मिस्टर इंडिया’ बन सकता है। यह एपिसोड उन लोगों के लिए है, जो देश की सेवा करते हैं। वे बिना किसी बदले की उम्मीद के देश के लिए काम करते हैं, क्योंकि इसे अपना फ़र्ज़ मानते हैं। ऐसे ही लोगों के योगदान से हमारा देश बनता है।”

अपनी मशहूर जैकेट का किस्सा सुनाते हुए अनिल बताते हैं, “यह जैकेट मैंने चोर बाज़ार से खरीदी थी। इत्तेफ़ाक से इन दिनों मेरे बाल भी लंबे हैं, जैसे ‘मिस्टर इंडिया’ में थे। तो आज बाल भी इस लुक के साथ खूब जँच रहे हैं!”

देखिए ‘इंडिया के टॉप 1% – द अनिल कपूर शो’, हर शनिवार और रविवार रात 8 बजे, स्टार प्लस और जियोहॉटस्टार पर।

Exit mobile version