Site icon Dainik Savera Times

Anil Kapoor लेकर आ रहे हैं नया गेम शो ‘इंडिया के टॉप 1%’, जानें क्या है खास

एंटरटेनमेंट डेस्क : स्टार प्लस एक नए और दिलचस्प गेम शो ‘इंडिया के टॉप 1%’ के साथ दर्शकों के बीच आने वाला है। इस शो की कमान बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अनिल कपूर संभाल रहे हैं। खास बात यह है कि यहां सवाल सिर्फ किताबी ज्ञान पर नहीं, बल्कि रोजमर्रा की जिंदगी में हमारी समझ, सोचने के तरीके और चीजों को पहचानने की क्षमता पर आधारित होंगे। शो में मनोरंजन के साथ-साथ ऐसे कई सवाल देखने को मिलेंगे, जिनके जवाब शायद आपने भी कभी न कभी अपनी रोजमर्रा की जिंदगी में सोचे होंगे। आइए जानते हैं इस शो के बारे में सब कुछ…

खेल का मज़ा आपके सोचने के तरीके में है

यह खेल रोज़मर्रा की परिस्थितियों, जाने-पहचाने पैटर्न और उन बातों पर आधारित है, जिन्हें हम अक्सर नज़रअंदाज़ कर देते हैं। कई बार जवाब हमारी आंखों के सामने ही होता है, बस उसे देखने का नज़रिया थोड़ा अलग होना चाहिए।

100 प्रतिभागी, हर एपिसोड में ₹1 करोड़ तक की इनामी राशि

एक एपिसोड में कुल 13 दौर होंगे, जिनमें 100 प्रतिभागियों को ₹1 करोड़ तक जीतने का अवसर मिलेगा। हर दौर के साथ खेल में एक नया मोड़ आएगा, जो इसे और भी रोमांचक बनाएगा।

अब घर बैठे आप भी बन सकते हैं इस खेल का हिस्सा

और सबसे खास बात यह है कि JioHotstar के प्ले अलॉन्ग फीचर के जरिए दर्शक भी वास्तविक समय में इस खेल का हिस्सा बन सकते हैं।

चाहे वे परिवार के साथ शो देख रहे हों, दोस्तों के साथ खेल रहे हों या अकेले ही अपनी समझ को परख रहे हों, दर्शक घर बैठे प्रतिभागियों के साथ खेल में शामिल हो सकते हैं और अपनी सोचने-समझने की क्षमता को आज़मा सकते हैं।

अनिल कपूर लेकर आएंगे अपना ‘झकास’ अंदाज़

शो की जान हैं अनिल कपूर और उनकी ऊर्जावान मौजूदगी। उनका खास हास्य, आकर्षण और हमेशा की तरह शानदार अंदाज़ हर एपिसोड में गर्मजोशी और उत्साह भर देगा। ‘इंडिया के टॉप 1%’ जल्द ही स्टार प्लस और JioHotstar पर आने वाला है।

Exit mobile version