
एंटरटेनमेंट डेस्क: मशहूर म्यूजिक कंपोजर और सिंगर अनिरुद्ध रविचंदर और सनराइजर्स हैदराबाद की मालकिन काव्या मारन शादी के बंधन में बंध गए हैं। दोनों की शादी की पहली तस्वीर सामने आते ही सोशल मीडिया पर चर्चा शुरू हो गई है। फैंस इस नई जोड़ी को जमकर बधाइयां दे रहे हैं। अनिरुद्ध और काव्या ने अपनी शादी की तस्वीर शेयर करते हुए बेहद खास कैप्शन भी लिखा है।
दोनों ने तस्वीर के साथ लिखा, ‘My once in a lifetime, for a lifetime, 11.11’। इसका मतलब है कि जिंदगी में मिला ऐसा हमसफर, जिसके साथ पूरी जिंदगी बितानी है। 11.11 की तारीख भी उनकी शादी के इस खास पल को यादगार बना रही है।
अनिरुद्ध और काव्या की पहली वेडिंग फोटो बेहद खूबसूरत है। तस्वीर में दोनों एक-दूसरे का हाथ थामे फूलों की बारिश के बीच चलते नजर आ रहे हैं। पीछे सफेद और पीले फूलों से सजा मंडप दिखाई दे रहा है, जो शादी के माहौल को और भी खास बना रहा है। अनिरुद्ध ने अपनी शादी के लिए आइवरी रंग का कुर्ता और मैचिंग वेष्टी पहनी। इसके साथ उन्होंने लंबी जैकेट पहनी, जिस पर बारीक कढ़ाई और गोल्डन डिजाइन किया गया था। उनका लुक काफी क्लासिक और रॉयल नजर आ रहा है।
वहीं, काव्या मारन ने ब्लश पिंक रंग का खूबसूरत लहंगा पहना। लहंगे पर बारीक कढ़ाई और सीक्विन वर्क किया गया था। उन्होंने मैचिंग ब्लाउज के साथ हैवी चोकर नेकलेस और खूबसूरत ईयररिंग्स पहने। खुले और वेवी बालों ने उनके ब्राइडल लुक को और आकर्षक बना दिया।
11.11 ❤️ https://t.co/oNGmJtgxEY
— Anirudh Ravichander (@anirudhofficial) November 11, 2026
शादी की एक और तस्वीर सोशल मीडिया पर सामने आई है, जिसे सन पिक्चर्स ने शेयर किया है। इस तस्वीर में अनिरुद्ध और काव्या समुद्र किनारे बने सफेद फूलों से सजे मंडप में एक-दूसरे को निहारते नजर आ रहे हैं। तस्वीर में काव्या के हाथ में फूलों का गुलदस्ता है, जबकि अनिरुद्ध प्यार भरी नजरों से उन्हें देख रहे हैं। दोनों की यह रोमांटिक तस्वीर फैंस को काफी पसंद आ रही है। सन पिक्चर्स ने भी इस खास मौके पर दोनों को शादी की बधाई दी। प्रोडक्शन हाउस ने कपल के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनकी नई जिंदगी की शुरुआत पर खुशी जाहिर की।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अनिरुद्ध और काव्या ने ग्रीस में एक निजी समारोह में शादी की। यह डेस्टिनेशन वेडिंग काफी खास और निजी रखी गई थी। हालांकि, शादी से जुड़ी सभी रस्मों और मेहमानों की जानकारी सामने नहीं आई है। शादी की तस्वीरें सामने आने के बाद फैंस को अब इस समारोह की दूसरी तस्वीरों और वीडियो का इंतजार है।
काव्या मारन बिजनेस जगत का जाना-माना नाम हैं। वह IPL की लोकप्रिय टीम सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) की मालकिन के तौर पर पहचानी जाती हैं। क्रिकेट मैचों के दौरान स्टेडियम में उनकी मौजूदगी और अपनी टीम को चीयर करने का अंदाज अक्सर सोशल मीडिया पर चर्चा में रहता है। वह सन टीवी नेटवर्क के प्रमुख कलानिधि मारन की बेटी हैं।
वहीं, अनिरुद्ध रविचंदर साउथ फिल्म इंडस्ट्री के मशहूर म्यूजिक कंपोजर और सिंगर हैं। उन्होंने कई सुपरहिट फिल्मों में अपना संगीत दिया है। उनके गाने युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय हैं। फिल्म ‘3’ के गाने ‘Why This Kolaveri Di’ से उन्हें दुनियाभर में पहचान मिली थी।अब क्रिकेट और म्यूजिक की दुनिया के इन दो चर्चित चेहरों ने शादी करके अपनी जिंदगी की नई शुरुआत की है। दोनों की पहली तस्वीरों को देखकर फैंस काफी खुश हैं और सोशल मीडिया पर उन्हें लगातार बधाइयां दे रहे हैं।