एंटरटेनमेंट डेस्क : आस्था, संगीत और कहानी कहने के अनोखे अंदाज़ को एक साथ पिरोते हुए, वरुण गुप्ता के मैक्स स्टूडियोज़ ने अपना नया हिंदी ओरिजिनल गाना ‘राम भक्त हनुमान’ रिलीज़ कर दिया है। इस खास गाने में दिग्गज अभिनेता अनूपम खेर नजर आ रहे हैं। यह गाना इस खूबसूरत विश्वास पर आधारित है कि भगवान हर जगह मौजूद हैं। बस जरूरत है तो उन्हें देखने वाली नज़र की।
‘राम भक्त हनुमान’ अच्छाई, करुणा और निस्वार्थ सेवा के भाव का जश्न मनाता है। गाना यह संदेश देता है कि भगवान हनुमान की शक्ति और उनकी भक्ति सिर्फ मंदिरों तक सीमित नहीं, बल्कि हमारे रोजमर्रा के छोटे-छोटे नेक कामों में भी दिखाई देती है।
अनूपम खेर की मौजूदगी इस गाने को और खास बनाती है। गाना बेहद खूबसूरती से समझाता है कि दूसरों में अच्छाई देखना और किसी के काम आना भी ईश्वर की सच्ची भक्ति का ही एक रूप है। यानी भगवान को ढूंढने के लिए हमेशा मंदिर जाने की जरूरत नहीं, कभी-कभी किसी की मदद करने में भी उनके दर्शन हो जाते हैं।
हाल ही में अनूपम खेर ने अपने आने वाले प्रोजेक्ट्स के बारे में बात करते हुए बताया था कि उनकी आने वाली कहानियां अच्छाई, आस्था और सच्चाई जैसे खूबसूरत मूल्यों पर आधारित हैं। ‘राम भक्त हनुमान’ भी इसी सोच की एक खास मिसाल है।
गाने के बारे में बात करते हुए अनूपम खेर ने कहा, “जब वरुण ने मुझे अच्छाई में भगवान को खोजने का कॉन्सेप्ट सुनाया, तो यह बात सीधे मेरे दिल को छू गई। तनय की दिल से निकली सुकूनभरी आवाज, शानदार कंपोजिशन और खूबसूरत बोलों ने गाने में बिल्कुल सही भावनाएं जोड़ दीं। यह गाना पूरी ईमानदारी और सच्चे दिल से बनाया गया है। उम्मीद है कि यह लोगों के दिलों से भी उसी तरह जुड़ेगा, जैसे इसने मुझे छुआ है।”
वर्कफ्रंट की बात करें तो अनूपम खेर इन दिनों फिल्म ‘रामायण’ में जटायु का किरदार निभाने और राजश्री प्रोडक्शंस की फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ में अपनी अहम भूमिका को लेकर सुर्खियों में हैं। इस गाने को तनय मिमानी ने अपनी आवाज दी है, साथ ही इसका संगीत तैयार करने के साथ-साथ बोल भी लिखे हैं। वरुण गुप्ता द्वारा निर्मित, लिखित और निर्देशित यह प्रोजेक्ट आस्था और अच्छाई को समर्पित एक खूबसूरत संगीतमय श्रद्धांजलि है। ‘राम भक्त हनुमान’ अब यूट्यूब पर देखने के लिए उपलब्ध है और इसका ऑडियो सभी प्रमुख म्यूजिक स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म्स पर भी रिलीज़ हो चुका है।