Site icon Dainik Savera Times

Kriti Kharbanda ने ‘जब वी मेट’ वाले पलों को किया याद, कहा-‘असल जिंदगी में गीत मैं ही थी’

मुंबई: बॉलीवुड की चुलबुली और हमेशा मुस्कुराती रहने वाली अभिनेत्री कृति खरबंदा ने हाल ही में एक इंटरव्यू में अपने दिल की बात खुलकर साझा की। नेटफ्लिक्स की बहुचर्चित सीरीज़ ‘राणा नायडू 2’ में अपने दमदार अभिनय से दर्शकों का दिल जीतने वाली कृति ने बताया कि कैसे इम्तियाज अली की कल्ट फिल्म ‘जब वी मेट’ ने उनकी जिंदगी को एक नए नजरिए से दिखाया और किस तरह वो खुद को उसमें पूरी तरह समाहित पाती थीं।

“मैं असल ज़िंदगी की गीत थी”

अपनी सहजता और स्पष्ट बोलने की शैली के लिए मशहूर कृति ने मुस्कुराते हुए कहा,

“मुझे बोलना बहुत पसंद है। अगर आप चाहें तो हम ये इंटरव्यू 6 घंटे तक भी कर सकते हैं!”और फिर उन्होंने एक ऐसा किस्सा साझा किया जिसने सबका दिल छू लिया। “जब ‘जब वी मेट’ रिलीज़ हुई थी, मैं 11वीं या 12वीं में थी। मेरे दोस्तों ने सबसे पहले फिल्म देखी और मुझसे कहा, ‘कृति, तुम्हें ही देखा हमने स्क्रीन पर!’ उस दिन मैंने फिल्म तीन बार देखी दोस्तों के साथ, अकेले और फिर अपने मम्मी-पापा के साथ।”

कृति ने यह भी हंसते हुए स्वीकार किया कि फिल्म के मशहूर डायलॉग्स जैसे, “आप कन्विन्स हो गए या मैं और बोलूं?” वो असल जिंदगी में पहले से ही बोला करती थीं यानी ‘गीत’ उनकी रगों में पहले से ही थी।

“अब मैं थोड़ी शांत हो गई हूं”

हालांकि वो मानती हैं कि अब वो पहले जैसी नहीं रहीं।

“अब मैं थोड़ी शांत, मैच्योर और नाज़ुक हो गई हूं। लेकिन तब मैं सच में एक तूफ़ानी लड़की थी। गीत जैसा कैरेक्टर मेरे भीतर ही था।”

अभिनय में नई उड़ान: ‘राणा नायडू 2’ और ‘रिस्की रोमियो’

कृति का किरदार ‘राणा नायडू 2’ में बेहद चुनौतीपूर्ण था, लेकिन उन्होंने उसे इतनी संजीदगी से निभाया कि दर्शकों और समीक्षकों दोनों ने उनकी तारीफों के पुल बांध दिए। ओटीटी पर ये उनकी पहली प्रस्तुति थी और अब वे इस नए मीडियम में भी मजबूत मौजूदगी दर्ज करा चुकी हैं।

उनकी अगली फिल्म ‘रिस्की रोमियो’ एक नॉयर शैली की लव स्टोरी है, जिसमें उनके साथ अभिनेता सनी सिंह नजर आएंगे। यह फिल्म प्रेम के गहरे, तीखे और रहस्यमयी पहलुओं को उजागर करेगी कुछ ऐसा जिसे हिंदी सिनेमा में कम ही छुआ गया है। कृति इस फिल्म में भी अपने बहुमुखी और बेखौफ़ अभिनय से एक बार फिर दर्शकों को चौंकाने के लिए तैयार हैं।

Exit mobile version