Dainik Savera Times

सिर्फ 10 सेकंड में बदल गई किस्मत, कैथरीन लागाइया बनीं नई मोआना

Catherine Laga'aia new Moana

एंटरटेनमेंट डेस्क : निर्देशक थॉमस कैल ने बताया कि कैसे उन्हें 19 वर्षीय सामोन-ऑस्ट्रेलियाई अभिनेत्री कैथरीन लागाइया में मिली डिज़्नी की सबसे बड़ी लाइव-एक्शन प्रस्तुति मोआना की नई नायिका। फिल्म 10 जुलाई को अंग्रेज़ी और हिंदी में सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी।

जहां हॉलीवुड सुपरस्टार ड्वेन जॉनसन उर्फ़ द रॉक डिज़्नी की लाइव-एक्शन मोआना में अपने लोकप्रिय किरदार माउई के रूप में वापसी कर रहे हैं, वहीं 19 वर्षीय कैथरीन लागाइया इस फिल्म की सबसे बड़ी खोज बनकर उभरी हैं। उन्हें दुनिया भर से आए 32,000 से अधिक दावेदारों में से शीर्षक भूमिका मोआना निभाने के लिए चुना गया।

सिडनी में रहने वाली और सामोन मूल की कैथरीन का इस किरदार से वर्षों पुराना व्यक्तिगत जुड़ाव है। जब 2016 में डिज़्नी की मूल एनिमेटेड फिल्म मोआना रिलीज़ हुई थी, तब वह केवल नौ साल की थीं। उन्होंने कई बार बताया है कि पर्दे पर अपने जैसी एक नायिका को देखकर उन्हें गहरा प्रेरणादायक अनुभव मिला था।

जब निर्देशक थॉमस कैल ने पहली बार उनका ऑडिशन टेप देखा, तब कैथरीन सिर्फ़ 16 साल की थीं। सिडनी जंकेट के रेड कार्पेट पर उन्होंने कहा, “उसमें वो खास बात थी, जिसे आप सिखा नहीं सकते, सिर्फ़ निखार सकते हैं। 16 साल की उम्र में भेजे गए उसके पहले ही ऑडिशन टेप में मुझे वह बात साफ़ दिखाई दे गई थी।”

Catherine Laga'aia new Moana
Catherine Laga’aia new Moana

एक वीडियो कॉन्फ्रेंस के दौरान कैल ने कहा, “जिस पल कैथरीन लागाइया ऑडिशन के लिए कमरे में दाखिल हुईं, उसी पल मुझे लगा कि मुझे मेरी मोआना मिल गई है।” ऑडिशन के दौरान कैथरीन ने लोकप्रिय गीत ‘How Far I’ll Go’ गाया और फिल्म के दो दृश्य प्रस्तुत किए। उस पल को याद करते हुए कैल ने कहा, “उन्होंने बेहद खूबसूरती से गाया, लेकिन उससे भी ज़्यादा मुझे यह महसूस हुआ कि वह उस गीत की भावनाओं को पूरी तरह समझती हैं। उनके गाने के बाद मैं अपनी कुर्सी से खड़ा हो गया और कहा, ‘मुझे लगता है, हमें हमारी मोआना मिल गई है।'”

People को दिए एक विशेष इंटरव्यू में कैल ने खुलासा किया कि कैथरीन से पहली बार मिलने के “करीब 10 सेकंड” के भीतर ही उन्होंने तय कर लिया था कि वही नई मोआना होंगी।

ऑस्कर-नामांकित एनिमेटेड क्लासिक की इस भव्य लाइव-एक्शन प्रस्तुति का निर्देशन एमी और टोनी अवॉर्ड विजेता थॉमस कैल (Hamilton) ने किया है। फिल्म का निर्माण ड्वेन जॉनसन, डैनी गार्सिया, ब्यू फ्लिन, हीरम गार्सिया और लिन-मैनुअल मिरांडा ने किया है, जबकि थॉमस कैल, स्कॉट शेल्डन, चार्ल्स न्यूवर्थ और ऑलीई क्रावाल्हो जिन्होंने एनिमेटेड फिल्मों Moana और Moana 2 में मोआना को अपनी आवाज़ दी थी इसके कार्यकारी निर्माता हैं।

फिल्म में लिन-मैनुअल मिरांडा, ओपेताइया फोआई और मार्क मैनसीना के मूल गीत हैं, जबकि बैकग्राउंड स्कोर मार्क मैनसीना ने तैयार किया है। यह फिल्म नई पीढ़ी के लिए मोआना की प्रिय कहानी को पहले से कहीं अधिक भव्य रूप में बड़े पर्दे पर जीवंत बनाती है।

ट्रेलर देखें: 

भारत के दर्शक 10 जुलाई 2026 से मोआना के रोमांचकारी साहसिक सफर, मनमोहक गीतों और शानदार दृश्यावलियों का अनुभव अंग्रेज़ी और हिंदी में देशभर के सिनेमाघरों में विशेष रूप से कर सकेंगे।

Exit mobile version