Last Updated: October 3, 2026

Dainik Savera Times Logo

Chandrayaan 3: बॉलीवुड हस्तियों ने चन्द्रयान-3 के सफलतापूर्वक लैंडिग पर इसरो को दी बधाई

August 24, 2023

Chandrayaan 3: बॉलीवुड हस्तियों ने चन्द्रयान-3 के सफलतापूर्वक लैंडिग पर इसरो को दी बधाई

मुंबई: चंद्रयान-3 के बुधवार को चंद्रमा के दक्षिण ध्रुव पर सफलतापूर्वक उतरने के साथ ही भारत ने न केवल चांद पर तिरंगा फहराया बल्कि इतिहास के स्वर्ण अक्षरों में अपना नाम लिख दिया। बॉलीवुड हस्तियों ने भारतीय अनुसंधान संगठन (इसरो) की इस सफलता पर जश्न मनाया। बॉलीवुड और टीवी कलाकारों ने भी सोशल मीडिया के जरिये खुशी का इजहार किया है।

अभिनेता अक्षय कुमार ने ट्विटर पर लिखा, ‘‘लाखों दिल इसरो का शुक्रिया अदा कर रहे हैं। आपने हमें बहुत गौरान्वित कर दिया है। किस्मतवाला हूं जो भारत को इतिहास रचते देख पाया हूं।’’ अक्षय ने यह भी लिखा,‘‘भारत चांद पर पहुंच गया है और हम चांद से भी ऊपर पहुंच गये हैं।’’अभिनेता अनुपम खेर ने भी दो वीडियो शेयर किये हैं, जिनमें उन्हें अपनी पूरी टीम के साथ भारत के चांद पर पहुंचने का जश्न मनाते देखा जा सकता है। अनुपम को एक वीडियो में अपनी पूरी टीम के साथ चंद्रयान-3 के सफल लैंडिंग पर ताली बजाते और दूसरे वीडियो में ‘वंदे मातरम’ के नारे लगाते देखा जा सकता है।

अनुपम ने लिखा,‘‘भारत चांद पर देशवासियों। जय हिंद।’’बॉलीवुड अभिनेता एवं सांसद सनी देओल ने चंद्रयान के सफल लैंडिंग पर लिखा, ‘‘कितना गौरवशाली पल है। हिंदुस्तान जिंदाबाद था और रहेगा। चांद पर चंद्रयान-3 की सफल और सॉफ्ट लैंडिंग। भारत के अंतरिक्ष में खोज के इतिहास में महत्वपूर्ण उपलब्धि।’’ अभिनेता कार्तिक आर्यन ने ट्विटर किया,‘‘भारत चांद पर पहुंच गया। कितना ऐतिहासिक पल है।’’

बिग बॉस ओटीटी 2 फेम एल्विश यादव, दिग्गज अभिनेता संजय दत्त, अजय देवगन और रवीना टंडन समेत टॉलीवुड और दक्षिण भारतीय फिल्मों की कई हस्तियों ने भी चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग पर प्रसन्नता का इजहार किया है। संजय दत्त ने लिखा, ‘‘भारत के लिए एक और बहुत लंबी छलांग। चंद्रयान-3 सफलतापूर्वक चांद की सतह पर लैंड कर चुका है। अंतरिक्ष की खोज के बारे में यह हमारी बड़ी उपलब्धि है।’’गौरतलब है कि 14 जुलाई, 2023 को इसरो ने चंद्रयान-3 को सफलतापूर्वक लॉन्च किया और आज चन्द्रयान-3 चन्द्रमा की धरती पर सफलतापूर्वक उतरा है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें