Site icon Dainik Savera Times

डेब्यू फिल्म ‘बैंड बाजा बारात’ के 14 साल पूरे, भावुक हुए रणवीर, बोले- ‘सपने हकीकत बन गए’

मुंबई। हाल ही में पिता बने फिल्म इंडस्ट्री के बिंदास अभिनेता रणवीर सिंह ने अपनी पहली फिल्म के 14 साल पूरे होने का जश्न मनाया। अभिनेता ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर बताया कि ‘बैंड बाजा बारात’ से ‘‘सपने हकीकत बन गए। ‘गली बॉय’ अभिनेता रणवीर सिंह सोशल मीडिया पर सक्रिय रहते हैं और प्रशंसकों के साथ अपने हर खास पल साझा करते रहते हैं।

अभिनेता ने अपनी पहली फिल्म के 14 साल पूरे होने पर खुशी जाहिर की और एक पोस्ट कर प्रशंसकों का आभार जताया। इंस्टाग्राम के स्टोरीज सेक्शन पर फिल्म के कई सीन्स साझा किए और कैप्शन में लिखा, ‘‘ ‘बैंड बाजा बारात’ को 14 साल हो गए, जब मेरे सपने हकीकत बन गए। आभार। ’’

रोमांटिक-कॉमेडी ‘बैंड बाजा बारात’ का निर्देशन मनीष शर्मा ने किया था। साल 2010 में रिलीज हुई फिल्म में रणवीर सिंह के साथ मुख्य भूमिका में अनुष्का शर्मा थीं।

सफल फिल्म की कहानी पर नजर डालें तो श्रुति कक्कड़ (अनुष्का शर्मा) और बिट्टू शर्मा (रणवीर सिंह) वेडिंग प्लानिंग बिजनेस शुरू करते हैं। फिल्म में खूबसूरती के साथ प्रेम कहानी को पर्दे पर उतारा गया।

‘बैंड बाजा बारात’ की सफलता के बाद रणवीर सिंह ‘लेडीज वर्सेज रिकी बहल’ में दिखे। रणवीर सिंह की गिनती इंडस्ट्री के सफल अभिनेताओं में की जाती है। रणवीर ने ‘बाजीराव मस्तानी’ ‘पद्मावत’, ‘गोलियों की रासलीला राम-लीला’, ‘सिम्बा’, ‘गली बॉय’, ‘83’ और ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ जैसी फिल्मों में काम किया।

रणवीर सिंह की हालिया रिलीज ‘सिंघम अगेन’ है। फिल्म में रणवीर सिंह के साथ मुख्य भूमिका में करीना कपूर खान, अजय देवगन, अक्षय कुमार, दीपिका पादुकोण, टाइगर श्रॉफ, अजरुन कपूर हैं। अभिनेता की झोली में फरहान अख्तर के निर्देशन में बन रही फिल्म डॉन 3 के साथ करण जाैहर की तख्त भी है।

Exit mobile version