एंटरटेनमेंट डेस्क (फरीद शेख): एक ही शादी की सालगिरह है, मगर घर में उसके तीन मायने हैं। बच्चों के लिए यह अपने पसंदीदा जोड़े, यानी मम्मी-पापा की प्रेम कहानी का जश्न है। जानकी इसलिए खुश है कि पूरा परिवार साथ है। और मानव के लिए? बीस साल पुरानी अपनी तस्वीर देखते ही उसे वह वक्त याद आ गया है जब शादी, बच्चे और आज की यह भरी-पूरी गृहस्थी, सब भविष्य की बातें थीं।
स्टार प्लस के दिल की बेवफाइयां की पहली कड़ी की खूबी यही है कि एक ही शाम को तीनों की नज़र से देखने का मौका मिलता है। इनमें से किसका नज़रिया आपको अपना-सा लगेगा, यह शायद इस पर निर्भर करे कि आप खुद उम्र के किस पड़ाव पर हैं।
चश्मा लगाए, कनपटियों पर हल्की सफेदी लिए मानव को तस्वीर में सबसे पहले अपनी जवानी दिखती है। फिर उन ख्वाहिशों का खयाल आता है जिन्हें पूरा करने के लिए कभी उसे लगता था कि अभी बहुत वक्त है।
फिक्शन में लौटे गौरव खन्ना इस दृश्य में असर छोड़ते हैं। तस्वीर पर उनकी नज़र कुछ पल ठहरती है और चेहरे पर आया हल्का-सा बदलाव उस आदमी का हाल कह देता है जिसे अपनी गृहस्थी से प्यार है, फिर भी कभी-कभी अपने पुराने दिनों की कमी महसूस होती है।
उधर, जानकी के पास आज पुरानी तस्वीरें देखने की फुरसत कहाँ! परिवार खेल में जुटा है और फ़ैसले के लिए सब उसी की तरफ देखते हैं। रेफरी बनी जानकी सबको संभाल लेती है, लेकिन श्रद्धा आर्या की हाज़िरजवाबी का असली मज़ा तब आता है जब सामने गौरव होते हैं। मानव शायराना अंदाज़ में कहता है कि उसकी जवानी और शेरो-शायरी, दोनों पर फुल स्टॉप लग गया है।
जानकी उसे टोकती है, “फुल स्टॉप नहीं, सेमी कोलन।” जवाब सुनकर हँसी आती है। फिर खयाल आता है कि जानकी को अपने पति में आज भी वह शायर दिखता है जिसे मानव खुद पुरानी तस्वीर में ढूँढ़ रहा था।
फूलों से सजा घर, बाँह थामे सीढ़ियों से उतरता जोड़ा और परिवार की चुहल कहीं-कहीं हम साथ-साथ हैं की याद दिलाती है। गीत जश्न की रौनक बढ़ाते हैं और रात के शांत पलों में पार्श्व संगीत कानों को सुकून देता है।
दिन भर साथ बैठे परिवार की तस्वीर जितनी खूबसूरत है, उतना ही प्यारा वह दृश्य है जब मानव और जानकी अपनी सालगिरह की रात लूडो खेलने बैठते हैं। शाम को सबके खेल की रेफरी रही जानकी अब खुद खिलाड़ी है। दोनों को एक-दूसरे के साथ इस मामूली-सी बाज़ी का आनंद लेते देख समझ आता है कि उनके बच्चे अपने लिए ऐसा ही हमसफ़र क्यों चाहते हैं।
एकता कपूर ने कहानी उम्र के उस पड़ाव से शुरू की है जहाँ तक पहुँचने का सपना अक्सर टीवी के युवा जोड़े देखते हैं। बीस साल साथ रह लेने के बाद भी मानव के मन में कुछ ‘काश’ बाकी हैं और जानकी को आज की ज़िंदगी ‘काफ़ी’ लगती है।
गौरव और श्रद्धा की जोड़ी इन दोनों भावनाओं को इतनी सहजता से पर्दे पर लाती है कि किसी एक का पक्ष चुनना मुश्किल है। पहली कड़ी के बाद उत्सुकता बस इतनी है कि जिस जानकी के पास मानव के हर शेर का जवाब है, उससे मानव कभी अपने मन की बात बिना शायरी के कह पाएगा या नहीं।
रेटिंग: 4 / 5 स्टार ⭐⭐⭐⭐

