Diljit Dosanjh-Sanya Malhotra Concert Viral Video: मुंबई में हुए दिलजीत दोसांझ के ‘ऑरा टूर’ कॉन्सर्ट में इस बार म्यूजिक के साथ मस्ती और मनोरंजन का भी खूब रंग देखने को मिला। आपको बता दें कि 27 नवंबर को हुए इस शो में बॉलीवुड एक्ट्रेस सान्या मल्होत्रा भी पहुंचीं। दिलजीत ने उन्हें अचानक स्टेज पर बुलाकर अपने गाने ‘चार्मर’ से खास अंदाज में सरप्राइज दिया। इसके बाद दोनों ने साथ में डांस किया। सान्या और दिलजीत की इस खास बॉन्डिंग ने फैंस का दिल जीत लिया। अब दोनों का यह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
दिलजीत ने सान्या को स्टेज पर बुलाया
बता दें कि कॉन्सर्ट के दौरान दिलजीत ने सान्या मल्होत्रा को स्टेज पर बुलाया। इसके बाद उन्होंने अपना मशहूर गाना ‘चार्मर’ सान्या के लिए गाया। इस दौरान दिलजीत घुटनों के बल बैठ गए और सान्या का हाथ पकड़कर गाना गाने लगे। इसके बाद दोनों ने साथ में डांस किया। दिलजीत ने सान्या को एक गिफ्ट भी दिया। जब सान्या ने उनकी तारीफ की तो दिलजीत मजाक में बोले, ‘अब मैं शर्मा जाऊंगा।’ दोनों की मस्ती देखकर वहां मौजूद फैंस भी काफी खुश नजर आए।
‘चार्मर’ गाने में साथ काम कर चुके हैं दोनों
बता दें कि दिलजीत और सान्या पहले भी ‘चार्मर’ गाने के म्यूजिक वीडियो में साथ नजर आ चुके हैं। इस गाने को लोगों ने काफी पसंद किया था। कॉन्सर्ट में दिलजीत ने कहा कि इस गाने को हिट बनाने में सान्या का बड़ा योगदान रहा है। उन्होंने बताया कि सान्या ने इस गाने पर रील्स बनाई थीं, जिससे यह लोगों के बीच काफी लोकप्रिय हुआ।
कॉन्सर्ट में पहुंचे कई सितारे
दिलजीत के शो में करिश्मा कपूर भी उनके गानों पर डांस करती नजर आईं। इसके अलावा राशा थडानी, अवनीत कौर, सुजैन खान, अर्सलान गोनी और जैस्मीन भसीन भी इस कॉन्सर्ट में शामिल हुए। बता दें कि मुंबई के बाद दिलजीत का अगला शो 29 नवंबर को बेंगलुरु में होगा। इसके बाद 5 दिसंबर को लखनऊ, 12 दिसंबर को चंडीगढ़ और 19 दिसंबर को कोलकाता में वह परफॉर्म करेंगे। सान्या और दिलजीत का यह वीडियो फैंस को खूब पसंद आ रहा है।

