एंटरटेनमेंट डेस्क : महाराष्ट्र की एक ऐसी सांस्कृतिक दुनिया, जिसके बारे में बहुत कम बात हुई है, उसे बड़े पर्दे पर उतारने की तैयारी है। फिल्म ईठा के जरिए मेकर्स महाराष्ट्र की समृद्ध तमाशा परंपरा को उसकी असली खूबसूरती और विरासत के साथ दर्शकों के सामने लाने जा रहे हैं। फिल्म को पर्दे पर वास्तविक रूप देने के लिए मेकर्स ने गहराई से रिसर्च की है। इस दौरान उन्होंने इस कला, इससे जुड़ी परंपराओं और उन लोगों की जिंदगी को करीब से समझने में काफी वक्त बिताया है, जिनकी दुनिया आज भी इस सदियों पुरानी कला के इर्द-गिर्द घूमती है।
फिल्म के आइडिया के पीछे की कहानी बताते हुए डायरेक्टर लक्ष्मण उतेकर ने कहा, “इस फिल्म की प्रेरणा मुझे मराठी किताब ‘तमाशा: विठाबाईच्या आयुष्याचा’ के एक किरदार से मिली, जिसे मैंने छावा की शूटिंग के दौरान पढ़ा था। हमारी फिल्म उस किताब पर आधारित नहीं है, बल्कि उसमें मौजूद एक किरदार से प्रेरित है। हमने किताब में विठाबाई की जिंदगी से जुड़े सिर्फ दो घटनाक्रम लिए हैं।”
ईठा के जरिए लक्ष्मण उतेकर तमाशा की पारंपरिक पहचान और उसकी असली सांस्कृतिक आत्मा को दर्शकों तक पहुंचाना चाहते हैं। फिल्म सिर्फ तमाशा के मौजूदा स्वरूप तक सीमित नहीं रहती, बल्कि इसकी जड़ों, रीति-रिवाजों, कलात्मक अंदाज और इससे जुड़े लोगों की जिंदगी की परतों को भी खोलती है। साल 1943 से 1980 तक यानी करीब चार दशकों के सफर में फैली यह कहानी उस दौर के बदलते सामाजिक और सांस्कृतिक माहौल को भी बखूबी दिखाएगी। साथ ही, दर्शकों को ऐसी सांस्कृतिक दुनिया की झलक मिलेगी, जिसे मेनस्ट्रीम सिनेमा में अब तक बहुत कम जगह मिली है।
फिल्म में श्रद्धा कपूर मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। हॉरर-कॉमेडी स्त्री की जबरदस्त सफलता के बाद श्रद्धा एक बार फिर बड़े पर्दे पर वापसी कर रही हैं। वहीं, छावा की ऐतिहासिक सफलता के बाद डायरेक्टर लक्ष्मण उतेकर इस बार बिल्कुल अलग कहानी और सांस्कृतिक पृष्ठभूमि के साथ दर्शकों के बीच आ रहे हैं।
लक्ष्मण उतेकर के निर्देशन में बनी इस फिल्म को दिनेश विजान, लक्ष्मण उतेकर और करिश्मा शर्मा ने प्रोड्यूस किया है। मैडॉक फिल्म्स और कठपुतली क्रिएशन्स के बैनर तले प्रस्तुत ईठा 4 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

