Dainik Savera Times

जन्मदिन और करवा चौथ का डबल सेलिब्रेशन! Kriti Kharbanda ने दिखाई मेहंदी की खूबसूरत झलक

एंटरटेनमेंट डेस्क : अभिनेत्री कृति खरबंदा अपने जन्मदिन पर करवा चौथ के त्योहार की तैयारियों में जुटी नजर आईं। अभिनेता पुलकित सम्राट की पत्नी कृति ने हाल ही में अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर कुछ प्यारी तस्वीरें साझा की हैं, जिनमें वह मेहंदी लगवाती और इस खास मौके का आनंद लेती दिखाई दे रही हैं।

तस्वीरों में कृति हल्के नीले रंग के खूबसूरत आउटफिट में नजर आ रही हैं। चेहरे पर प्यारी-सी मुस्कान लिए अभिनेत्री अपनी हथेलियों पर लगी खूबसूरत मेहंदी के डिजाइन भी दिखा रही हैं। तस्वीरों में त्योहार को लेकर उनका उत्साह साफ झलक रहा है। जन्मदिन और करवा चौथ का एक ही दिन पड़ना इस मौके को उनके लिए और भी खास बना रहा है।

तस्वीरों के साथ कृति ने कैप्शन में लिखा है, “करवा चौथ की वाइब्स। मेहंदी, खाना-पीना, परिवार के साथ मस्ती और इतना सारा प्यार।” उन्होंने मजाकिया अंदाज में मेहंदी को निहार रहे अपने पेट डॉग ड्रोगो के एक्सप्रेशंस देखने की बात भी कही।

इन तस्वीरों में पुलकित सम्राट भी कृति के साथ नजर आ रहे हैं। मेहंदी लगवाते समय दोनों साथ में सुकून भरे पल बिताते दिखाई दे रहे हैं। वहीं, उनका प्यारा-सा पेट डॉग ड्रोगो भी इस खास मौके पर उनके साथ मौजूद है। परिवार के साथ बिताए इन खुशनुमा पलों की झलक प्रशंसकों को इस जोड़ी की निजी जिंदगी से रूबरू करा रही है।

गौरतलब है कि करवा चौथ भारतीय संस्कृति में विवाहित जोड़ों के लिए विशेष महत्व रखता है। इस दिन महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र और खुशहाली की कामना करते हुए व्रत रखती हैं। ऐसे में कृति के जन्मदिन पर ही करवा चौथ का त्योहार पड़ना इस अवसर को दोहरी खुशियों से भर देता है।

कृति खरबंदा और पुलकित सम्राट ने मार्च 2024 में मानेसर में एक निजी समारोह में शादी की थी। शादी के बाद से ही दोनों सोशल मीडिया पर अपनी जिंदगी के खूबसूरत पल साझा करते रहते हैं। कभी एक-दूसरे के साथ बिताए खास लम्हों की झलक, तो कभी त्योहारों और खास मौकों की तस्वीरें, यह जोड़ी अक्सर अपने प्रशंसकों का दिल जीत लेती है। फिलहाल, जन्मदिन और करवा चौथ के इस खास संयोग पर कृति की ये तस्वीरें प्यार, परंपरा और पारिवारिक खुशियों की खूबसूरत झलक पेश कर रही हैं।

Exit mobile version