एंटरटेनमेंट डेस्क: हॉलीवुड की मोस्ट अवेटेड लाइव-एक्शन फिल्म He-Man and the Masters of the Universe अब भारतीय सिनेमाघरों में रिलीज़ होने के लिए पूरी तरह तैयार है। यह फिल्म 5 जून को भारत में रिलीज़ होगी और खास बात यह है कि इसे सिर्फ अंग्रेज़ी ही नहीं बल्कि हिंदी, तमिल, तेलुगु और मलयालम भाषाओं में भी रिलीज़ किया जाएगा।
फिल्म में Nicholas Galitzine ही-मैन के किरदार में नजर आएंगे। वहीं फिल्म की स्टारकास्ट में Camila Mendes, Jared Leto, Alison Brie, James Purefoy, Jóhannes Haukur Jóhannesson, Kristen Wiig, Morena Baccarin और Idris Elba जैसे कई बड़े नाम शामिल हैं।
भारतीय दर्शकों के लिए फिल्म को और खास बनाने के लिए हिंदी वर्जन में मशहूर अभिनेता Jaaved Jaaferi और Meezaan Jafri ने अपनी आवाज़ दी है। हाल ही में रिलीज़ हुए हिंदी ट्रेलर में इस बात का खुलासा हुआ कि मीज़ान ही-मैन और जावेद जाफरी स्केलेटर के किरदार को अपनी आवाज़ देंगे।
इस खास प्रोजेक्ट को लेकर जावेद जाफरी ने अपनी पुरानी यादें साझा करते हुए कहा, “He-Man and the Masters of the Universe 90 के दशक की पॉप कल्चर का बहुत बड़ा हिस्सा था। मुझे आज भी याद है कि मेरे बच्चे और मैं साथ बैठकर टीवी पर यह कार्टून देखा करते थे।
स्केलेटर हमेशा से एक बेहद आइकॉनिक विलेन रहा है, ड्रामेटिक, खतरनाक और यादगार। इतने सालों बाद इस किरदार को अपनी आवाज़ देना मेरे लिए बेहद नॉस्टैल्जिक और खास अनुभव है। ऐसा लगता है जैसे जिंदगी ने पूरा चक्कर लगा लिया हो।”
वहीं मीज़ान जाफरी ने भी इस फिल्म से जुड़ी अपनी भावनाएं जाहिर कीं। उन्होंने कहा, “ही-मैन को हिंदी में आवाज़ देना मेरे लिए किसी सपने के सच होने जैसा है। बचपन में मैं अपने पिता के साथ बैठकर यह शो देखा करता था और पूरी तरह उसकी दुनिया में खो जाता था। आज उसी ही-मैन की आवाज़ बनना मेरे लिए बेहद इमोशनल और स्पेशल है। सबसे खास बात यह है कि इस सफर में मेरे पिता भी मेरे साथ हैं, बिल्कुल पुराने दिनों की तरह।”
फिल्म को Amazon MGM Studios ने प्रोड्यूस किया है, जबकि इसका निर्देशन Travis Knight ने किया है। भारत में इस फिल्म को Sony Pictures Releasing International 5 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज़ करेगा।

