Dainik Savera Times

प्रिंस विलियम से आलिया भट्ट और सचिन तेंदुलकर तक, मुंबई में सजेगी सितारों की महफिल; 17 नवंबर को होगा अर्थशॉट प्राइज 2026

एंटरटेनमेंट डेस्क: अब सिर्फ मायानगरी ही नहीं, बल्कि ग्लोबल पर्यावरण आंदोलन का भी बड़ा मंच बनने जा रही है! प्रिंस विलियम द्वारा शुरू किया गया प्रतिष्ठित ‘अर्थशॉट प्राइज’ पहली बार भारत में दस्तक देने जा रहा है। 17 नवंबर को मुंबई में इसका छठा सालाना अवॉर्ड समारोह आयोजित होगा, जो पांच दिनों तक चलने वाले पर्यावरण सम्मेलन का ग्रैंड फिनाले होगा।

इस सितारों से सजी शाम में प्रिंस विलियम के साथ करण जौहर, आलिया भट्ट, सोनम कपूर, क्रिकेट के दिग्गज सचिन तेंदुलकर, सिंगर श्रेया घोषाल और ऑस्कर विजेता अभिनेता रामी मालेक की मौजूदगी देखने को मिल सकती है। वहीं, ब्रिटिश पॉप बैंड ‘टेक दैट’ भी पहली बार भारत में परफॉर्म करके अपने म्यूजिक का जादू बिखेरेगा।

करीब 5,000 मेहमानों की मौजूदगी वाले इस समारोह में पांच कैटेगरी में विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा। इनमें प्रकृति का संरक्षण, स्वच्छ हवा, समुद्रों को बचाना, कचरे को कम करना और जलवायु परिवर्तन से निपटना शामिल है। खास बात यह है कि इस भव्य आयोजन की गूंज 240 देशों तक पहुंचेगी।

13 से 15 नवंबर तक जयपुर मोमेंटम रिट्रीट के साथ कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। इसके बाद 130 युवा क्लाइमेट लीडर्स ‘जनरेशन अर्थशॉट’ के तहत जुटेंगे। 16 नवंबर को होने वाली इम्पैक्ट असेंबली में नई साझेदारियों, निवेश और पर्यावरण से जुड़े इनोवेटिव समाधानों को बड़े स्तर पर पहुंचाने पर फोकस रहेगा।

अर्थशॉट प्राइज के CEO जेसन नॉफ ने कहा, “दुनिया के किसी भी देश के मुकाबले भारत से सबसे ज्यादा अर्थशॉट प्राइज फाइनलिस्ट और विजेता सामने आए हैं। हम भारत को क्लाइमेट एक्शन की ग्लोबल राजधानी मानते हैं और यहां आकर ऐसा लग रहा है जैसे अपने घर लौट आए हों।”

इस साल भारत से दो फाइनलिस्ट चुने गए हैं। महिंद्रा लास्ट माइल मोबिलिटी अपने इलेक्ट्रिक रिक्शा के लिए, जबकि महिला हाउसिंग ट्रस्ट महिलाओं और परिवारों को भीषण गर्मी से निपटने में सशक्त बनाने के लिए रेस में शामिल है।

कुल मिलाकर, मुंबई में होने वाला यह आयोजन सिर्फ सितारों की चमक-दमक नहीं, बल्कि धरती को बचाने की दिशा में भारत की बढ़ती ताकत और सोच का ग्लोबल शोकेस बनने जा रहा है!

Exit mobile version