Last Updated: October 3, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘लैला मजनू’ के सीन को देख फूट-फूटकर रोईं एकता कपूर, खुद को संभालने में लगे 5 मिनट

February 9, 2026

‘लैला मजनू’ के सीन को देख फूट-फूटकर रोईं एकता कपूर, खुद को संभालने में लगे 5 मिनट

टीवी और फिल्म प्रोड्यूसर एकता कपूर अपनी भावुक कहानियों के लिए दर्शकों के बीच खास पहचान रखती हैं। सोमवार को उन्होंने फिल्म ‘लैला मजनू’ के एक सीन को लेकर इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया, जिसने उन्हें खुद भी भावुक कर दिया।

फिल्म के सीन में मुख्य पात्र कैस चार साल बाद लैला से मिलता है और देखते ही बेहोश हो जाता है। एकता ने बताया कि चार साल में जब कैस लंदन में था, उसने अपने दिमाग में जिस लैला की तस्वीर बनाई थी और असली लैला से मिलने पर दोनों का कनेक्शन नहीं बन पाया, इसलिए वह बेहोश हो जाता है।

एकता ने लिखा कि उन्होंने अपने जीवन में केवल तीन बार किसी कहानी को सुनाते हुए रोया है—पहली बार ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ के पहले एपिसोड में, दूसरी बार ‘द डर्टी पिक्चर’ में और तीसरी बार इस सीन के दौरान। उन्होंने बताया कि सीन की नरेशन करते समय उन्हें बीच में रुकना पड़ा और खुद को संभालने में पांच मिनट लगे।

एकता ने सीन की भावना को समझाते हुए कहा, “जब आप किसी से इतना गहरा प्यार करते हैं कि उसे देखते ही बेहोश हो जाए, वही इस सीन की ताकत है। शब्दों की बजाय दिल की आवाज़ बोलती है।”

‘लैला मजनू’ 2018 में रिलीज हुई थी और इसे साजिद अली ने निर्देशित किया था। फिल्म और इसके गाने आज भी सोशल मीडिया पर ट्रेंड बनाते रहते हैं। इसे एकता कपूर, शोभा कपूर और प्रीति अली ने मिलकर बनाया, जबकि फिल्म को इम्तियाज अली ने प्रस्तुत किया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें