Last Updated: October 3, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘पापा नाग हैं तो क्या मैं नागिन हूं?’ एकता कपूर का मजेदार पोस्ट वायरल

February 6, 2026

‘पापा नाग हैं तो क्या मैं नागिन हूं?’ एकता कपूर का मजेदार पोस्ट वायरल

जहां एक बेटी के लिए उसके पिता हीरो होते हैं, वहीं मशहूर टीवी और फिल्म प्रोड्यूसर एकता कपूर ने अपने पिता जितेंद्र को लेकर एक मजेदार पोस्ट शेयर किया है। इस पोस्ट के जरिए उन्होंने अपने पिता के लिए प्यार और हल्के-फुल्के अंदाज में भावनाएं जाहिर की हैं, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।

एकता कपूर ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें जितेंद्र 1976 की फिल्म ‘नागिन’ के मशहूर गाने ‘तेरे संग प्यार में’ पर अभिनेत्री रीना रॉय के साथ डांस करते नजर आ रहे हैं। इस वीडियो के साथ एकता ने कैप्शन में लिखा, “मेरे पिता असली इच्छाधारी नाग थे, तो क्या इसका मतलब है कि मैं नागिन हूं?”

एकता का यह मजाकिया अंदाज फैंस को खूब पसंद आ रहा है। लोग कमेंट सेक्शन में हंसते हुए प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं और इस पोस्ट को खूब शेयर भी कर रहे हैं।

फिल्म ‘नागिन’ साल 1976 में रिलीज हुई थी, जिसमें जितेंद्र ने इच्छाधारी नाग की भूमिका निभाई थी, जबकि रीना रॉय नागिन के किरदार में नजर आई थीं। इस फिल्म का निर्देशन राज कुमार कोहली ने किया था और यह अपने दौर की सुपरहिट फिल्मों में शामिल रही। फिल्म में सुनील दत्त, रेखा, मुमताज, फिरोज खान और संजय खान जैसे कई बड़े कलाकार भी नजर आए थे।

गाने ‘तेरे संग प्यार में’ को लता मंगेश्कर और महेंद्र कपूर ने अपनी आवाज दी थी, इसके बोल वर्मा मलिक ने लिखे थे और संगीत लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल ने तैयार किया था।

गौरतलब है कि एकता कपूर खुद भी ‘नागिन’ फ्रेंचाइजी की निर्माता हैं। उनके द्वारा बनाए गए ‘नागिन’ सीरियल के कई सीजन टीवी पर जबरदस्त हिट रहे हैं। फिलहाल ‘नागिन 7’ का प्रसारण हो रहा है, जिसमें अभिनेत्री प्रियंका चौधरी मुख्य भूमिका निभा रही हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें