Site icon Dainik Savera Times

WAVES समिट 2025 : एकता आर कपूर ने ग्लोबल स्टोरीटेलिंग पर दी अपनी राय, जानें क्या कहा

WAVES Summit 2025

WAVES Summit 2025

एंटरटेनमेंट डेस्‍क : हाल ही में WAVES समिट 2025 में नजर आईं एमी अवॉर्ड विनर और भारत की जानी-मानी प्रोड्यूसर एकता आर कपूर ने ग्लोबल स्टोरीटेलिंग को लेकर कुछ बेहद दिलचस्प बातें साझा कीं। उन्होंने बताया कि कैसे भारतीय ड्रामा और सीरियल फॉर्मेट अब सिर्फ देश तक सीमित नहीं रह गए हैं, बल्कि इंटरनेशनल मार्केट में भी अपनी मजबूत पकड़ बनाते जा रहे हैं।

जब एकता कपूर से पूछा गया कि टीवी और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर कंटेंट का इतना बड़ा साम्राज्य खड़ा करने के बाद वो ग्लोबल स्टोरीटेलिंग को कैसे देखती हैं, तो उन्होंने हमेशा की तरह बेबाक अंदाज़ में जवाब देते हुए कहा, “कहानी कहने का तरीका बस ऐसा होना चाहिए जो सीधे दिल से जुड़े।”

एकता कपूर ने जोर देते हुए कहा कि आज की ऑडियंस दुनियाभर की कहानियों को अपना रही है, चाहे वो कोरियन हों, तुर्की, अमेरिकी, स्पैनिश या यूरोपियन। उन्होंने कहा, “ग्लोबल प्लेटफॉर्म्स और नेटवर्क्स ने ये साबित कर दिया है कि अब भाषा कोई रुकावट नहीं रही। लोग कहानियों को डबिंग की वजह से एंजॉय करते हैं, असल में उन्हें कहानी से जुड़ाव होता है।” उन्होंने यह भी बताया कि आज के दौर में कंटेंट की दुनिया में भाषा की दीवार अब मायने नहीं रखती।

भारत की समृद्ध कहानियों की विरासत की ओर ध्यान खींचते हुए एकता कपूर ने कहा, “हमारे पास सबसे पुरानी और सबसे लंबी कहानी कहने की परंपरा है। और ये हमारी असली पूंजी है, ये हमेशा से हमारी करेंसी रही है।” उन्होंने माना कि अब तक कुछ व्यावहारिक अड़चनें रही हैं, जिन्होंने भारतीय कंटेंट को दुनिया भर में तेज़ी से फैलने से रोका, लेकिन अब हालात बदल रहे हैं और उन्हें उम्मीद है कि भारतीय कहानियों का दौर अब ग्लोबली शुरू हो चुका है।

एकता कपूर ने भारतीय फिल्म इंडस्ट्री की ग्लोबल पहचान की ओर इशारा करते हुए कहा, “अब हम वहां तक पहुंच रहे हैं”। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि अब हमें सिर्फ जातीय कहानियों से बाहर निकलने की जरूरत है। “अब यह नॉन-एथनिक यानी पारंपरिक कहानियों से हटकर होनी चाहिए। मुझे लगता है कि हम एक अहम मोड़ पर खड़े हैं।”

कपूर ने अपनी बात खत्म करते हुए दर्शकों का धन्यवाद किया और एक साफ संदेश दिया: भारतीय कंटेंट अब ऐसी कहानियां दिखाए जो हर इंसान के दिल तक पहुंचें, बॉर्डर और सबटाइटल से परे। इसी बीच, वह अपनी अगली प्रोडक्शन “VVAN – फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट” के लिए तैयार हो रही हैं, जिसमें सिद्धार्थ मल्होत्रा लीड रोल में हैं।

Exit mobile version