एंटरटेनमेंट डेस्क: बिग बॉस ओटीटी 2 के विजेता और मशहूर यूट्यूबर एल्विश यादव को जान से मारने की धमकी मिली है। उनसे 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है। धमकी भरे मैसेज विदेशी नंबर से भेजे गए थे। यही मैसेज उनके पिता के मोबाइल पर भी भेजा गया।
जानकारी के अनुसार, एल्विश यादव ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 5 मई को उनके मोबाइल पर एक विदेशी नंबर से व्हाट्सऐप कॉल आई थी। उस समय वह कॉल रिसीव नहीं कर सके। इसके कुछ देर बाद उसी नंबर से उन्हें एक मैसेज भेजा गया।
ये भी पढ़ें: TVK चीफ ‘विजय’ आज CM पद की लेंगे शपथ, तमिलनाडु को मिला Thalapathy
मैसेज भेजने वाले व्यक्ति ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का करीबी बताते हुए 10 करोड़ रुपये की मांग की। साथ ही कहा गया कि रकम दो दिन के अंदर पहुंचानी होगी। अगर पैसे नहीं दिए गए तो गोली मारने की धमकी दी गई। एल्विश यादव ने यह भी बताया कि इसी तरह का धमकी भरा मैसेज उनके पिता को भी भेजा गया। इसके बाद परिवार ने तुरंत पुलिस से संपर्क किया।
मामले की जानकारी मिलते ही सेक्टर-56 थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कॉल और मैसेज कहां से भेजे गए थे, जांच के लिए मामला अपराध शाखा को भी सौंप दिया गया है।
बता दें इससे पहले भी एल्विश यादव के घर पर हमला हो चुका है। 17 अगस्त 2025 को कुछ बदमाश बाइक पर सवार होकर उनके घर पहुंचे थे और वहां कई राउंड फायरिंग की थी। उस मामले में पुलिस ने कई लोगों को गिरफ्तार किया था। उस समय विदेश में बैठे भाऊ गैंग ने हमले की जिम्मेदारी ली थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और धमकी देने वालों तक पहुंचने की कोशिश में जुटी हुई है।
ये भी पढ़ें: कहीं आंधी-बारिश, तो कहीं ओलावृष्टि का खतरा, मौसम विभाग ने जारी किया रेड अलर्ट

