एंटरटेनमेंट डेस्क: रियलिटी शो की दुनिया से एक दुखद खबर सामने आई है। मशहूर यूथ रियलिटी शो Splitsvilla 7 के पूर्व कंटेस्टेंट मयंक पवार का 37 साल की उम्र में निधन हो गया है। इस खबर ने उनके फैंस, दोस्तों और फिटनेस इंडस्ट्री से जुड़े लोगों को गहरे सदमे में डाल दिया है।
मयंक पवार के निधन की सूचना उनके आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक भावुक पोस्ट के जरिए दी गई। पोस्ट में लिखा गया, “एक भाई, एक चैंपियन, एक मेंटर और कई लोगों के लिए प्रेरणा… मयंक पवार हमेशा हमारे दिलों में जिंदा रहेंगे।” जैसे ही यह खबर सामने आई, सोशल मीडिया पर शोक संदेशों की बाढ़ आ गई। उनके फॉलोअर्स और फिटनेस कम्युनिटी के लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी और अपने दुख का इजहार किया।
मयंक पवार को असली पहचान Splitsvilla के सातवें सीजन से मिली थी। शो के दौरान उनका शांत स्वभाव, ईमानदारी और सादगी दर्शकों को काफी पसंद आई थी। उनका एलिमिनेशन उस सीजन के सबसे भावुक पलों में से एक माना जाता है। शो की होस्ट सनी लिओनी उस समय भावुक हो गई थीं और उन्होंने मयंक को गले लगाया था। वहीं को-होस्ट निखिल चिनप्पा ने भी उन्हें रोककर गले लगाया था। यह पल दर्शकों के लिए बेहद खास और यादगार बन गया था।
रियलिटी शो के बाद मयंक ने फिटनेस की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई। वे सात बार ‘मिस्टर इंडिया’ टाइटल जीत चुके थे और बॉडी बिल्डिंग में सक्रिय थे। उन्होंने कई लोगों को फिटनेस के लिए प्रेरित किया और एक सेलिब्रिटी फिटनेस ट्रेनर के रूप में भी काम किया। उनकी मेहनत और अनुशासन ने उन्हें युवाओं के बीच एक प्रेरणादायक व्यक्तित्व बना दिया था।
मयंक पवार के निधन का कारण अभी तक सामने नहीं आया है। उनके सम्मान में 25 फरवरी 2026 (बुधवार) को शाम 5 बजे से 6 बजे तक वाल्मीकि मंदिर, संगम पार्क, राणा प्रताप बाग, मुंबई में प्रार्थना सभा रखी गई है।
मयंक के निधन की खबर फैलते ही सोशल मीडिया पर लोगों ने गहरा दुख जताया। एक यूजर ने लिखा, “कुछ दिन पहले ही मैं उनकी स्प्लिट्सविला 7 की जर्नी देख रहा था, यकीन नहीं हो रहा।” दूसरे ने कहा, “शॉकिंग न्यूज, बहुत दुखद।” कई लोगों ने उन्हें “प्योर सोल” बताते हुए श्रद्धांजलि दी।
फिलहाल, शो की होस्ट सनी लियोनी और निखिल चिनप्पा की ओर से इस खबर पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। मयंक पवार के अचानक चले जाने से मनोरंजन और फिटनेस जगत ने एक प्रेरणादायक व्यक्तित्व को खो दिया है।