Last Updated: October 12, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘सैयारा’ की पहली सालगिरह पर अहान पांडे-अनीत पड्डा ने लॉन्च किया फिल्म का एक्सक्लूसिव विनाइल एलपी एडिशन

July 18, 2026

‘सैयारा’ की पहली सालगिरह पर अहान पांडे-अनीत पड्डा ने लॉन्च किया फिल्म का एक्सक्लूसिव विनाइल एलपी एडिशन

एंटरटेनमेंट डेस्क: यश राज फिल्म्स की सैयारा हाल के वर्षों की सबसे बड़ी सफलता की कहानियों में से एक बनकर उभरी। मोहित सूरी द्वारा निर्देशित और वायआरएफ के सीईओ अक्षय विधानी द्वारा निर्मित इस फिल्म ने दुनियाभर में 580 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई करते हुए भारतीय सिनेमा के इतिहास की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली प्रेम कहानी का रिकॉर्ड अपने नाम किया।

इस फिल्म ने अपनी मुख्य जोड़ी अहान पांडे और अनीत पड्डा को रातोंरात स्टार बना दिया और उन्हें इस पीढ़ी के सबसे बड़े जेन जी सितारों के रूप में स्थापित कर दिया। आज सैयारा अपनी रिलीज़ के एक साल पूरे कर रही है और इस खास मौके का जश्न मनाने के लिए वायआरएफ ने ‘अहनीत’ (जैसा कि उनके प्रशंसक प्यार से उन्हें बुलाते हैं) के साथ एक यादगार पहल की।

अहान और अनीत ने वेम्बली स्टेडियम पहुंचकर सैयारा के एक्सक्लूसिव कलेक्टर्स एडिशन विनाइल LP का अनावरण किया। यह LP फिल्म के संगीत, भावनाओं और यादगार पलों से प्यार करने वाले प्रशंसकों और संगीत प्रेमियों के लिए एक अनमोल कलेक्टिबल है।

सैयारा के प्रशंसकों के लिए वेम्बली स्टेडियम का एक खास महत्व है। फिल्म के सबसे यादगार दृश्यों में से एक में कृष कपूर (अहान) विशाल स्क्रीन पर वाणी बत्रा (अनीत) की आंखों को पहचानकर उसे ढूंढ निकालता है। फिल्म का भावनात्मक क्लाइमैक्स भी वेम्बली स्टेडियम में होने वाले कॉन्सर्ट के दौरान कृष और वाणी के पुनर्मिलन के साथ होता है। यही वजह है कि फिल्म की पहली सालगिरह पर LP लॉन्च करने के लिए वेम्बली से बेहतर जगह कोई नहीं हो सकती थी।

Saiyara Movie
Saiyara Movie

दो डिस्क वाले इस कलेक्टर्स एडिशन LP में सैयारा की पूरी संगीत यात्रा को संजोया गया है। LP-1 में ब्लॉकबस्टर साउंडट्रैक के सभी 9 गाने शामिल हैं, जबकि LP-2 में 16 ओरिजिनल बैकग्राउंड स्कोर कंपोज़िशन और फिल्म के 9 सबसे प्रतिष्ठित संवाद, यानी कुल 25 ट्रैक, शामिल किए गए हैं, ताकि दर्शक सैयारा की हर भावना को एक बार फिर महसूस कर सकें।

इस कलेक्टर्स पैक को बेहद खास तरीके से तैयार किया गया है। इसमें एक विशेष ‘सैयारा डायरी’ भी शामिल है, जिसमें अक्षय विधानी, मोहित सूरी, अहान पांडे, अनीत पड्डा, तनिष्क बागची, फहीम अब्दुल्ला, अरसलान निज़ामी, इरशाद कामिल, द रिश, विशाल मिश्रा, राज शेखर, सचेत-परंपरा, मिथून और जॉन स्टुअर्ट एडुरी के दिल से लिखे संदेश शामिल हैं। इसके साथ ही इसमें वाणी की नोटबुक से प्रेरित एक एक्सक्लूसिव इंक पेन और कृष व वाणी के दो विशेष डिज़ाइन किए गए बुकमार्क्स भी दिए गए हैं।

वायआरएफ के सीईओ अक्षय विधानी ने कहा, “सैयारा हमारे लिए बेहद व्यक्तिगत फिल्म थी क्योंकि इसने हमें रोमांस की उस दुनिया में वापस लौटाया, जिसने हमेशा वायआरएफ की पहचान बनाई है और जिसने भारतीय सिनेमा को कई यादगार प्रेम कहानियां दी हैं।

हमारी कोशिश सिर्फ एक फिल्म बनाने की नहीं थी, बल्कि ऐसा संगीत देने की भी थी जो हमेशा के लिए अमर हो जाए। इसके लिए मैं मोहित सूरी का आभारी हूं जिन्होंने इसे शानदार तरीके से साकार किया। सैयारा की पहली सालगिरह पर हम इस एक्सक्लूसिव कलेक्टर्स एडिशन विनाइल LP को लॉन्च करते हुए बेहद खुश हैं।

यह प्रशंसकों और संगीत प्रेमियों को फिल्म के संगीत, उसकी ध्वनियों और संवादों के जरिए सैयारा को फिर से जीने का मौका देगा। हम कुछ ऐसा बनाना चाहते थे जिसे लोग अपने पास हमेशा के लिए संजोकर रखें और बार-बार उसी एहसास के साथ महसूस कर सकें।”

निर्देशक मोहित सूरी ने कहा, “संगीत किसी भी प्रेम कहानी की आत्मा होता है चाहे वह ज़िंदगी की हो या फिल्मों की। सैयारा के साथ मुझे यह पहले से कहीं ज्यादा महसूस हुआ। कृष और वाणी के रिश्ते की गहराई, उनकी मासूमियत और उनका जादू इन गीतों के बिना कभी पूरा नहीं हो सकता था। फिल्म के संगीत को दर्शकों ने जितना प्यार दिया, उसके लिए मैं दिल से आभारी हूं।

फिल्म में वाणी कहती है ‘दिमाग भूल जाता है, लेकिन दिल नहीं… और अच्छा संगीत हमेशा दिल में रहता है।’ यह मेरे लिए बेहद खास है कि फिल्म रिलीज़ होने के इतने समय बाद भी इसका संगीत लोगों के दिलों में जिंदा है। सैयारा का मूल विचार ही यही था कि एक गीत आपको किसी याद, किसी पल और किसी प्रेम में वापस ले जा सकता है।

इसलिए यह LP सिर्फ गानों का संग्रह नहीं है, बल्कि सैयारा को फिर से महसूस करने का एक अनुभव है हर एहसास, हर धुन और हर याद के साथ। हमने इस रिकॉर्ड के हर छोटे-बड़े पहलू पर बहुत सोच-समझकर काम किया है ताकि प्रशंसकों को सैयारा का जादू फिर से महसूस हो सके। उम्मीद है कि यह आपको उतना ही पसंद आएगा जितना हमें इसे बनाने में आनंद आया।”

सैयारा का Collector’s Edition Vinyl LP दुनिया भर के प्रशंसकों के लिए उपलब्ध होगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें