Site icon Dainik Savera Times

मशहूर निर्देशक का दिल का दौरा पड़ने से निधन, फिल्म इंडस्ट्री में फैली शोक की लहर

एंटरटेनमेंट डेस्क: मशहूर तमिल फिल्म निर्देशक विक्रम सुगुमरण का रविवार को 47 साल की उम्र में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। उनके निधन की खबर उनके करीबी दोस्तों ने सोशल मीडिया पर साझा की, जिससे तमिल फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई। विक्रम सुगुमरण को उनकी फिल्म ‘माधा यानाई कूटम’ के लिए खास पहचान मिली थी। यह फिल्म न सिर्फ दर्शकों के बीच हिट हुई, बल्कि आलोचकों से भी खूब सराहना प्राप्त की।

विक्रम की फिल्मों में गहराई और एक अलग पहचान होती थी, जिसने उन्हें तमिल सिनेमा के प्रमुख निर्देशकों में से एक बना दिया। उनका आकस्मिक निधन फिल्म इंडस्ट्री के लिए एक बड़ा सदमा है और कई कलाकारों ने सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें श्रद्धांजलि दी है।

मदुरै से लौट रहे थे विक्रम
रिपोर्ट्स के अनुसार, विक्रम सुगुमरण मदुरै से लौट रहे थे और बस में यात्रा कर रहे थे, जब उन्हें कार्डियक अरेस्ट हुआ। वह एक निर्माता को नई स्क्रिप्ट सुनाने के बाद बस में बैठे थे, तभी अचानक उनके सीने में दर्द हुआ। तुरंत उन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

 

तमिल फिल्म इंडस्ट्री में शोक
विक्रम के अचानक निधन की खबर आते ही सोशल मीडिया पर शोक संदेशों का सिलसिला शुरू हो गया। तमिल फिल्म इंडस्ट्री के कलाकारों और दोस्तों ने उन्हें याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्हें एक समर्पित और मेहनती कलाकार के रूप में याद किया जा रहा है।

विक्रम सुगुमरण का करियर
विक्रम सुगुमरण तमिल सिनेमा के एक प्रतिष्ठित निर्देशक थे। उनका जन्म तमिलनाडु के रामनाथपुरम जिले के परमकुडी में हुआ था। उन्होंने अपनी शुरुआत बतौर अभिनेता की थी और ‘पोलाधवन’ और ‘कोडीवीरन’ जैसी फिल्मों में अभिनय किया था। बाद में, उन्होंने निर्देशन में कदम रखा और 2013 में ‘माधा यानाई कूटम’ जैसी फिल्म बनाई, जिसने ग्रामीण जीवन को बेहद संवेदनशील तरीके से पेश किया और दर्शकों और आलोचकों से बड़ी सराहना पाई।

2023 में उन्होंने ‘रावण कोट्टम’ के साथ निर्देशन में वापसी की, हालांकि यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं रही। उनकी आखिरी निर्देशित फिल्म ‘थीरम बोरम’ थी, जो पर्वतारोहण पर आधारित थी। विक्रम के निधन से तमिल फिल्म इंडस्ट्री ने एक महान निर्देशक को खो दिया है, और उनकी यादें हमेशा उनके प्रशंसकों के दिलों में बनी रहेंगी।

Exit mobile version