Site icon Dainik Savera Times

प्रसिद्ध फिल्म अदाकार Sanjay Khan की पत्नी जरीन खान का हुआ निधन

मुंबई। बॉलीवुड एक्टर संजय खान की पत्नी जरीन कतरक अब इस दुनिया में नहीं रहीं। उनका 81 साल की उम्र में निधन हो गया। बताया जा रहा है कि वह काफी समय से उम्र से जुड़ी बीमारियों से परेशान थीं। उनके निधन से खान परिवार गहरे सदमे में है। जरीन कतरक के निधन की खबर सुनते ही बॉलीवुड के कई सितारे उनके घर पहुंचे। नीलम कोठारी, रकुल प्रीत सिंह और जैकी भगनानी जैसे कलाकारों ने पहुंचकर अंतिम श्रद्धांजलि दी। सबने परिवार के प्रति दुख और संवेदना जाहिर की।

फिल्मों और मॉडलिंग में भी किया था काम
कम लोगों को पता है कि जरीन कतरक सिर्फ स्टार पत्नी नहीं थीं, बल्कि उन्होंने खुद भी फिल्मों और मॉडलिंग में काम किया था। वह 1960 और 1970 के दशक में काफी एक्टिव थीं। उन्होंने देव आनंद के साथ फिल्म ‘तेरे घर के सामने’ (1963) में भी काम किया था। इसके अलावा वह एक इंटीरियर डिजाइनर भी थीं।

20 साल की उम्र में हुई थी शादी
साल 1966 में संजय खान और जरीन कतरक की शादी हुई थी। तब संजय खान 25 साल के थे और जरीन सिर्फ 20 साल की। शादी के बाद जरीन ने चार बच्चों को जन्म दिया- फराह खान अली, सुजैन खान, सिमोन अरोड़ा और जायेद खान।

रिश्ते में उतार-चढ़ाव भी आए
शादी के कुछ साल बाद संजय खान और जरीन कतरक के रिश्ते को लेकर चर्चाएं होने लगीं। खबरें आईं कि संजय खान का अभिनेत्री जीनत अमान के साथ अफेयर था। जब इस बारे में जरीन से पूछा गया, तो उन्होंने बेहद सधा हुआ जवाब दिया। सिमी गरेवाल को दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा था- “मैं अपने पति को जानती हूं। हो सकता है कि वह कभी-कभी भटक गए हों, लेकिन एक अभिनेता की पत्नी होने के नाते मुझे धैर्य रखना होता है। मुझे पता था कि वह हमेशा मेरे पास ही लौटकर आएंगे।” उन्होंने यह भी कहा था कि उस समय उनके बच्चे बहुत छोटे थे और उन्हें कुछ समझ नहीं आता था कि घर में क्या चल रहा है।

 

हमेशा रहीं चर्चा में
जरीन कतरक न सिर्फ अपने काम की वजह से, बल्कि संजय खान की पत्नी होने के कारण भी हमेशा चर्चा में रहीं। वह एक गरिमामयी और सशक्त महिला के रूप में जानी जाती थीं। उन्होंने अपने परिवार को एकजुट रखा और अपने बच्चों को सफल बनाया।

कुछ महीने पहले मनाया था 81वां जन्मदिन
जरीन कतरक ने जुलाई 2025 में अपने परिवार के साथ 81वां जन्मदिन मनाया था। परिवार के साथ उनकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी वायरल हुई थीं। अब उनके अचानक चले जाने से बॉलीवुड और उनके चाहने वालों के बीच शोक की लहर है।

Exit mobile version