एंटरटेनमेंट डेस्क: हॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री डेवे चेस (Daveigh Chase) के निधन की खबर ने दुनियाभर के फिल्म प्रेमियों को दुखी कर दिया है। हॉरर फिल्म ‘द रिंग’ (The Ring) में समारा मॉर्गन और डिज्नी की लोकप्रिय फिल्म ‘लिलो एंड स्टिच’ (Lilo & Stitch) में अपनी आवाज देने वाली डेवे चेस का 16 जून 2026 को 35 साल की उम्र में निधन हो गया। शुरुआत में उनकी मौत की वजह सामने नहीं आई थी, लेकिन अब लॉस एंजिल्स कोरोनर ऑफिस ने पुष्टि की है कि उनकी मौत एक्वायर्ड इम्यूनोडेफिशिएंसी सिंड्रोम (AIDS) से हुई थी।
रिपोर्ट के अनुसार, डेवे चेस की मौत AIDS से जुड़ी गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं के कारण हुई। उन्हें सेप्टिक शॉक (Septic Shock) और मेनिन्जाइटिस (Meningitis) भी हो गया था। इसके अलावा लंबे समय से नशीले पदार्थों का सेवन भी उनकी बिगड़ती सेहत की एक वजह बताया गया है।
डेवे चेस की निजी जिंदगी काफी कठिन रही। वह पिछले कई वर्षों से अपने परिवार से अलग रह रही थीं और बेघर होने की खबरें भी सामने आई थीं। साल 2016 के बाद उन्होंने फिल्मों और टीवी की दुनिया से पूरी तरह दूरी बना ली थी और सार्वजनिक जीवन में भी बहुत कम दिखाई देती थीं। बताया जाता है कि पिछले कुछ वर्षों में उन्हें कई कानूनी परेशानियों का भी सामना करना पड़ा। उन पर चोरी की गाड़ी में घूमने और ड्रग्स से जुड़े मामलों में आरोप लगे थे।

‘द न्यूयॉर्क टाइम्स’ से बातचीत में डेवे चेस के पिता जॉन डेविड श्वालियर ने बताया कि उनकी बेटी बचपन से ही परेशानियों से घिरी रही। उनके मुताबिक, डेवे को केवल 13 साल की उम्र में ही ड्रग्स की लत लग गई थी। उन्होंने यह भी कहा कि कई वर्षों से उनकी बेटी से कोई बातचीत नहीं हुई थी और वह बेघर होकर जीवन बिता रही थीं।
डेवे चेस के निधन के बाद उनके बॉयफ्रेंड रॉय हर्नांडेज ने GoFundMe पर एक भावुक पोस्ट लिखी। उन्होंने बताया कि डेवे का बचपन बेहद मुश्किलों भरा था और परिवार से रिश्ते खराब होने के कारण उन्हें काफी मानसिक और भावनात्मक संघर्षों का सामना करना पड़ा।रॉय ने लिखा कि डेवे को अक्सर लोगों की बदसलूकी और तानों का सामना करना पड़ता था। वह लॉस एंजिल्स में सुरक्षित और बेहतर जिंदगी की तलाश में संघर्ष कर रही थीं। उन्होंने कहा कि जब दोनों की मुलाकात हुई तो उन्होंने डेवे से वादा किया था कि वह हमेशा उनका साथ देंगे और उन्हें वह प्यार और सम्मान देंगे जिसकी वह हकदार थीं।
रॉय हर्नांडेज ने पहले TMZ को बताया था कि डेवे चेस को मेनिन्जाइटिस हो गया था और वह सेप्सिस (Sepsis) से भी पीड़ित थीं। सेप्सिस एक गंभीर स्थिति होती है, जिसमें शरीर संक्रमण के खिलाफ अत्यधिक प्रतिक्रिया देता है और कई अंग प्रभावित हो सकते हैं।

डेवे एलिजाबेथ चेस का जन्म 24 जुलाई 1990 को अमेरिका के लास वेगास में हुआ था। वह अभिनेत्री होने के साथ-साथ एक बेहतरीन वॉइस आर्टिस्ट और डांसर भी थीं। उनके माता-पिता का बचपन में ही तलाक हो गया था। इसके बाद उन्होंने अपने नाम से पिता का सरनेम हटा दिया और अपनी मां के साथ ओरेगन में रहने लगीं।
डेवे चेस ने अपने करियर की शुरुआत 1998 में टीवी से की थी और 2001 में फिल्मों में कदम रखा। उन्होंने डिज्नी की ‘स्टिच! द मूवी’, ‘लेरॉय एंड स्टिच’ और ‘लिलो एंड स्टिच: द सीरीज’ में अपनी आवाज देकर काफी लोकप्रियता हासिल की। इसके अलावा हॉरर फिल्म ‘द रिंग’ में निभाया गया समारा मॉर्गन का किरदार आज भी उनके सबसे यादगार रोल्स में गिना जाता है। उन्होंने ‘डॉनी डार्को’, ‘एस. डार्को’ और HBO की लोकप्रिय सीरीज ‘बिग लव’ में भी अहम भूमिकाएं निभाईं।
अपने करियर में डेवे चेस करीब 15 फिल्मों और 20 से अधिक टीवी शोज में नजर आईं। हालांकि निजी जिंदगी में लगातार बढ़ती परेशानियों के कारण उन्होंने मनोरंजन जगत से दूरी बना ली और पिछले करीब एक दशक से सार्वजनिक जीवन से लगभग गायब थीं। डेवे चेस के निधन ने उनके प्रशंसकों और हॉलीवुड इंडस्ट्री को गहरा सदमा दिया है। उनके अभिनय और आवाज से निभाए गए कई यादगार किरदार आज भी दर्शकों के बीच लोकप्रिय हैं।