एंटरटेनमेंट डेस्क: अमेरिका के मशहूर युवा सिंगर d4vd इन दिनों एक गंभीर मामले को लेकर चर्चा में हैं। पुलिस ने उन्हें 14 साल की एक लड़की की हत्या के शक में गिरफ्तार किया है। यह मामला पिछले साल मिले एक शव से जुड़ा हुआ है।
पुलिस के अनुसार, एक कार में एक किशोरी का सड़ा-गला शव मिला था। यह कार सिंगर के नाम पर रजिस्टर्ड बताई जा रही है और काफी समय से लावारिस हालत में खड़ी थी। इसी वजह से जांच एजेंसियों का ध्यान इस मामले पर गया।
लॉस एंजेलिस पुलिस ने जानकारी दी है कि 20 साल के इस सिंगर को फिलहाल बिना जमानत के हिरासत में रखा गया है, जिनका असली नाम डेविड बर्क है। अधिकारियों का कहना है कि इस केस को आगे बढ़ाने के लिए इसे जिला अटॉर्नी के ऑफिस में पेश किया जाएगा, जहां तय किया जाएगा कि उन पर कौन-कौन से आरोप लगाए जाएं।
ये भी पढ़ें: अनियंत्रित होकर पलटी ट्रैक्टर-ट्रॉली, 4 लोगों ने मौके पर तोड़ा दम, 26 घायल
फिलहाल इस मामले की जांच संदिग्ध हत्या के तौर पर की जा रही है। हालांकि अभी तक सिंगर पर हत्या का कोई आधिकारिक आरोप दर्ज नहीं किया गया है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, 14 साल की लड़की सेलेस्टे रिवास हर्नांडेज के लापता होने की रिपोर्ट साल 2024 में दर्ज की गई थी। कई महीनों तक परिवार और पुलिस को उसके बारे में कोई सुराग नहीं मिला। बाद में 8 सितंबर 2025 को हॉलीवुड के एक टो यार्ड में खड़ी कार से उसके अवशेष बरामद हुए। पुलिस का कहना है कि शव काफी हद तक सड़-गल चुका था और मौत कई हफ्ते पहले हो चुकी थी।
अगर सिंगर के करियर की बात करें, तो डी4वीडी ने कम समय में काफी पहचान बनाई है। वे काली उचिस, 21 सैवेज, लॉफी और स्ट्रे किड्स जैसे बड़े कलाकारों के साथ काम करने की तैयारी में थे। उनका पहला एल्बम ‘विदर्ड भी रिलीज हो चुका है, जिसे दर्शकों ने काफी पसंद किया था। पुलिस इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और आने वाले दिनों में इस केस में और खुलासे हो सकते हैं।
ये भी पढ़ें: ‘जल्दबाजी न करे सरकार’, शशि थरूर ने परिसीमन बिल को बताया राजनीतिक नोटबंदी

