नई दिल्ली। दुबई में रहने वाले मशहूर ट्रैवल इन्फ्लुएंसर और फोटोग्राफर अनुनय सूद का 32 साल की उम्र में निधन हो गया है। अनुनय के इंस्टाग्राम पर 14 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स और यूट्यूब पर करीब 3.8 लाख सब्सक्राइबर्स थे। उनकी अचानक मौत की खबर ने सोशल मीडिया पर सभी को हैरान कर दिया है। गुरुवार सुबह अनुनय के परिवार ने उनके ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर करते हुए बताया कि अनुनय अब इस दुनिया में नहीं रहे।
पोस्ट में परिवार ने लिखा, “हमारे प्रिय अनुनय सूद के निधन की खबर साझा करते हुए गहरा दुख हो रहा है। इस कठिन समय में कृपया हमारी प्राइवेसी का सम्मान करें और निजी संपत्ति के पास भीड़ न लगाएं। अनुनय की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करें।” परिवार ने सभी से शांति बनाए रखने की अपील की है।

मौत का कारण अब तक साफ नहीं
अनुनय हाल ही में लास वेगास में थे, जहां से उन्होंने कुछ खूबसूरत तस्वीरें और वीडियो साझा किए थे। उनकी आखिरी इंस्टाग्राम पोस्ट में वे स्पोर्ट्स कारों के बीच घूमते हुए नजर आ रहे थे।पोस्ट का कैप्शन था –“Still can’t believe I spent the weekend surrounded by legends and dream machines.” हालांकि, अभी तक उनकी मौत का कारण सामने नहीं आया है।
कौन थे अनुनय सूद?
अनुनय सूद सिर्फ एक इन्फ्लुएंसर नहीं, बल्कि एक टैलेंटेड फोटोग्राफर और ट्रैवलर थे। उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स पर दुनिया के अलग-अलग कोनों की तस्वीरें और वीडियो शेयर करके लाखों लोगों को यात्रा के लिए प्रेरित किया। वे तीन बार 2022, 2023 और 2024 में — फोर्ब्स इंडिया की “टॉप 100 डिजिटल स्टार्स” लिस्ट में शामिल हुए थे। फोर्ब्स ने उन्हें एक “दुबई बेस्ड फोटोग्राफर” बताया था जो अपने ट्रैवल अनुभवों को इंस्टाग्राम पर डॉक्यूमेंट करते थे और अपनी मार्केटिंग फर्म भी चलाते थे।
कैमरे से दुनिया के खूबसूरत नजारों को किया था कैद
अनुनय की जर्नी बहुत साधारण लेकिन प्रेरणादायक थी। उन्होंने अपने कैमरे से दुनिया के खूबसूरत नजारों को कैद किया। चाहे वो स्विट्ज़रलैंड की बर्फीली पहाड़ियाँ हों या लास वेगास की चमकदार गलियां। उनकी हर पोस्ट में जिंदगी और उत्साह झलकता था। उनका आखिरी यूट्यूब वीडियो 3 नवंबर को अपलोड हुआ था, जिसे अब लाखों लोग श्रद्धांजलि के तौर पर देख रहे हैं।
सोशल मीडिया पर शोक की लहर
अनुनय के निधन की खबर फैलते ही ट्विटर (अब X) और इंस्टाग्राम पर #AnunaySood ट्रेंड करने लगा। फैंस ने भावुक संदेश साझा किए–“आपकी ट्रैवल स्टोरीज़ ने हमें दुनिया देखने की हिम्मत दी, RIP अनुनय भाई।” कई सेलेब्रिटीज और इन्फ्लुएंसर्स ने भी उन्हें श्रद्धांजलि दी है। लोगों का कहना है कि अनुनय की कला, मुस्कान और यात्राओं की यादें हमेशा जिंदा रहेंगी।
ये भी पढ़ेंः न्यूयॉर्क में मेयर बने जोहरान ममदानी, भारत से है खास नाता