Site icon Dainik Savera Times

हीरो बनने नहीं पहुंचे थे सेट पर, किस्मत ने बना दिया ‘नीम करौली बाबा’; जानें शोभिनव सत्या की कहानी

Shobhinav Satya story

Shobhinav Satya story

एंटरटेनमेंट डेस्क: आप सबको सीता राम… फिल्म इंडस्ट्री में सफलता हासिल करना आसान नहीं होता। यहां कई कलाकारों को पहचान बनाने के लिए सालों तक संघर्ष करना पड़ता है। लखनऊ के रहने वाले अभिनेता शोभिनव सत्या की कहानी भी कुछ ऐसी ही है। FTII जैसे प्रतिष्ठित संस्थान से एक्टिंग की पढ़ाई करने के बाद उन्होंने लंबे समय तक एक्टिंग सिखाई और फिल्मों में पर्दे के पीछे काम किया।

करीब 10 साल के संघर्ष के बाद उन्हें फिल्म ‘हनुमान अंश’ में आध्यात्मिक गुरु नीम करौली बाबा यानी महाराज जी का किरदार निभाने का मौका मिला। बताया जा रहा है कि करीब 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी यह फिल्म 100 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर चुकी है। फिल्म में शोभिनव के किरदार ने दर्शकों का खास ध्यान खींचा है।

हीरो बनने नहीं, 2nd AD के तौर पर पहुंचे थे सेट पर

‘हनुमान अंश’ में नीम करौली बाबा का किरदार शोभिनव को पहले से तय नहीं था। वह फिल्म के सेट पर सेकंड असिस्टेंट डायरेक्टर (2nd AD) के तौर पर पहुंचे थे। फिल्म के निर्देशक विशाल चतुर्वेदी के मुताबिक, शोभिनव प्री-प्रोडक्शन शुरू होने के दो दिन बाद सेट पर पहुंचे थे। निर्देशक उन्हें देर से आने के लिए डांटने वाले थे, लेकिन उनकी नजर शोभिनव के चेहरे और हाव-भाव पर पड़ी।

निर्देशक को लगा कि शोभिनव के चेहरे में नीम करौली बाबा यानी महाराज जी की झलक दिखाई देती है। फिल्म की कॉस्ट्यूम डिजाइनर ने भी कथित तौर पर रात करीब 3 बजे निर्देशक को मैसेज कर कहा कि शोभिनव का चेहरा महाराज जी से काफी मिलता है। इसी बीच फिल्म के लिए चुने गए मुख्य अभिनेता की तबीयत खराब हो गई। ऐसे में निर्देशक ने शोभिनव की एक्टिंग ट्रेनिंग और उनके चेहरे की समानता को देखते हुए उन्हें यह भूमिका देने का फैसला किया।

चित्रकूट के घाट पर हुआ करीब 4 घंटे का ऑडिशन

रोल मिलने से पहले शोभिनव को ऑडिशन देना पड़ा। निर्देशक विशाल चतुर्वेदी उन्हें चित्रकूट के प्रसिद्ध मंदाकिनी घाट पर ले गए। बताया गया कि नाव की सवारी के दौरान करीब 4 घंटे तक ऑडिशन चला। इस दौरान शोभिनव ने अपने अभिनय कौशल का प्रदर्शन किया। FTII से मिली ट्रेनिंग, किरदार को समझने की क्षमता और उनकी कॉमिक टाइमिंग ने निर्देशक को प्रभावित किया। ऑडिशन के बाद उन्हें नीम करौली बाबा के किरदार के लिए फाइनल कर लिया गया।

200 करोड़ के करीब पहुंची फिल्म 

बताते चलें कि हनुमान अंश साल 2026 साल की बड़ी फिल्म बनकर उभरी है। मूवी का बॉक्स ऑफिस पर ऐसा जादू चला है कि इसने अभी तक 143.13 करोड़ तक का नेट कलेक्शन कर लिया है। इस फिल्म ने कमाई के मामले में दुनिया भर में तहलका मचा दिया है। सैकनिल्क डॉट कॉम की रिपोर्ट्स के अनुसार, हनुमान अंश ने वर्ल्ड वाइड कुल 169.20 करोड़ की ओपनिंग की है।

Exit mobile version