Last Updated: October 31, 2026

Dainik Savera Times Logo

केदारनाथ दर्शन पर सारा अली खान के खिलाफ फतवा जारी, मौलाना बोले- शरीयत के खिलाफ किया काम

October 31, 2026

केदारनाथ दर्शन पर सारा अली खान के खिलाफ फतवा जारी, मौलाना बोले- शरीयत के खिलाफ किया काम

मनोरंजन डेस्क: बॉलीवुड अभिनेत्री सारा अली खान एक बार फिर केदारनाथ मंदिर में दर्शन करने को लेकर चर्चा में हैं। इस बार उनके मंदिर जाने पर विवाद खड़ा हो गया है। उत्तर प्रदेश के इस्लामिक धर्मगुरु मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने सारा अली खान के खिलाफ फतवा जारी करते हुए उनके मंदिर में पूजा करने को शरीयत के खिलाफ बताया है। मौलाना ने कहा कि दूसरे धर्म के धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा करना इस्लाम में जायज नहीं है। उन्होंने अभिनेत्री से अपने इस कदम के लिए तौबा करने और अल्लाह से माफी मांगने की बात कही है।

दरअसल, सारा अली खान हाल ही में 25 अक्टूबर को केदारनाथ मंदिर पहुंची थीं। उनकी यात्रा की कुछ तस्वीरें और वीडियो भी सामने आए थे। इनमें वह कड़ाके की ठंड के बीच मंदिर के बाहर श्रद्धालुओं की कतार में खड़ी होकर अपनी बारी का इंतजार करती दिखाई दीं। सारा पिछले कई वर्षों से लगातार केदारनाथ धाम जाती रही हैं और इस धार्मिक स्थल के प्रति अपनी आस्था भी जाहिर करती रही हैं।

मौलाना ने सारा के मंदिर में पूजा करने पर जताई आपत्ति

मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने एक वीडियो जारी कर सारा अली खान के केदारनाथ मंदिर जाने पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कई युवा उनसे यह सवाल पूछ रहे थे कि क्या सारा अली खान का केदारनाथ मंदिर में जाकर पूजा करना इस्लाम के अनुसार सही है?

इस पर मौलाना ने कहा कि शरीयत के मुताबिक दूसरे धर्म के धार्मिक रीति-रिवाजों को अपनाना और उनके अनुसार पूजा-पाठ करना जायज नहीं है। उन्होंने सारा अली खान के मंदिर जाने और पूजा करने को गलत बताते हुए कहा कि उन्हें इस काम के लिए तौबा करनी चाहिए और अल्लाह से माफी मांगनी चाहिए।

‘शरीयत की नजर में गुनहगार हैं सारा अली खान’

मौलाना ने अपने बयान में कहा कि सारा अली खान देश की जानी-मानी अभिनेत्री हैं। वह केदारनाथ मंदिर गईं, वहां दर्शन और पूजा-पाठ किया तथा करीब आधे घंटे तक कतार में खड़ी रहीं। मौलाना के अनुसार, उनके ये सभी काम शरीयत की नजर में नाजायज हैं। उन्होंने कहा कि सारा को अपने इस कदम पर तौबा करनी चाहिए। उनके मुताबिक, यदि वह ऐसा नहीं करती हैं तो धार्मिक मान्यताओं के अनुसार उन्हें इसके लिए जवाबदेह होना पड़ेगा।

गैर हिंदू श्रद्धालुओं के लिए एफिडेविट जमा करना जरूरी

इस पूरे मामले के बीच बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) के नियमों की भी चर्चा हो रही है। दरअसल, कुछ समय पहले मंदिर समिति ने गैर हिंदू श्रद्धालुओं के लिए मंदिरों में पूजा करने और दर्शन की इच्छा रखने पर एक एफिडेविट जमा करना अनिवार्य किया था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, BKTC के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सोहन सिंह रांगड़ ने बताया था कि सारा अली खान की टीम ने उनके केदारनाथ दौरे से पहले जरूरी एफिडेविट जमा कर दिया था। यानी मंदिर में दर्शन से संबंधित निर्धारित औपचारिकताएं पूरी की गई थीं।

फिल्म ‘केदारनाथ’ से भी जुड़ा है सारा का खास रिश्ता

सारा अली खान का केदारनाथ धाम से पुराना और खास जुड़ाव रहा है। उनकी पहली फिल्म ‘केदारनाथ’ थी, जिसमें उन्होंने दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के साथ काम किया था। अभिषेक कपूर के निर्देशन में बनी इस फिल्म की शूटिंग उत्तराखंड के केदारनाथ धाम और गौरीकुंड से केदारनाथ जाने वाले रास्ते के आसपास की गई थी। फिल्म के बाद से ही सारा कई बार केदारनाथ मंदिर के दर्शन करने पहुंच चुकी हैं। वह सोशल मीडिया पर भी इस जगह से जुड़ी तस्वीरें साझा करती रहती हैं और यहां के प्रति अपनी श्रद्धा जाहिर करती रही हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें