Site icon Dainik Savera Times

फिल्म निर्देशक विक्रम भट्ट गिरफ्तार, लगा 30 करोड़ की ठगी का आरोप

एंटरटेनमेंट डेस्क: बॉलीवुड के मशहूर फिल्ममेकर विक्रम भट्ट को राजस्थान पुलिस ने धोखाधड़ी के एक बड़े मामले में गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, पुलिस उन्हें जल्द ही उदयपुर ले जा सकती है। करीब एक हफ्ते पहले ही उनके खिलाफ लुक-आउट नोटिस जारी किया गया था। भट्ट को मुंबई के यारी रोड इलाके से पकड़ा गया।

कैसे शुरू हुआ मामला?

यह पूरा मामला राजस्थान के भीलवाड़ा और उदयपुर से जुड़ा है। उदयपुर के जाने-माने डॉक्टर और इंदिरा IVF के संस्थापक डॉ. अजय मुर्डिया ने भूपालपुरा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, विक्रम भट्ट, उनकी पत्नी श्वेतांबरी और कुल छह लोगों ने मिलकर उन्हें एक फिल्म प्रोजेक्ट में निवेश करने के लिए तैयार किया।

ये भी पढ़ें: Ludhiana Road Accident: बेकाबू होकर डिवाइडर से टकराई कार, 5 लोगों ने मौके पर तोड़ा दम

डॉ. मुर्डिया के अनुसार, उन्हें बताया गया था कि फिल्म से लगभग 200 करोड़ रुपये तक की कमाई हो सकती है। इस भरोसे के चलते उन्होंने 30 करोड़ रुपये से अधिक राशि प्रोजेक्ट में लगा दी। लेकिन उनका दावा है कि पैसे लेने के बाद परियोजना पर कोई काम शुरू ही नहीं हुआ और बीच में ही सब रोक दिया गया।

क्या था फिल्म प्रोजेक्ट?

डॉ. मुर्डिया अपनी दिवंगत पत्नी के जीवन पर एक बायोपिक बनवाना चाहते थे। इसी दौरान एक परिचित ने उनकी मुलाकात विक्रम भट्ट और उनकी टीम से करवाई। आरोप है कि फिल्म से मोटा मुनाफा होने का लालच देकर उनसे करोड़ों रुपये ले लिए गए।

डॉ. मुर्डिया का आरोप

फिल्म बनाने का वादा किया गया। 200 करोड़ की कमाई का दावा किया। 30 करोड़ से ज्यादा लेने के बाद कोई काम नहीं हुआ। टीम ने झूठे आश्वासन देकर धोखा दिया। इसके बाद डॉ. मुर्डिया ने पुलिस में शिकायत की, जिस पर एफआईआर दर्ज हुई।

गिरफ्तारी और रिमांड

मुंबई से गिरफ्तारी के बाद उदयपुर पुलिस ने विक्रम और उनकी पत्नी की 9 दिसंबर तक ट्रांजिट रिमांड ले ली है। हालांकि, दंपति के वकीलों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

वकीलों का दावा

पुलिस ने बिना उचित प्रक्रिया के गिरफ्तारी की। आरोपियों को बताया नहीं गया कि उन्हें क्यों पकड़ा जा रहा है। धमकाकर बिना तारीख-समय वाले कागज़ पर हस्ताक्षर कराए गए। धमकी दी गई कि दस्तावेज़ पर हस्ताक्षर न करने पर राजस्थान ले जाकर प्रताड़ित करेंगे। अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद पुलिस को नौ दिसंबर तक ट्रांजिट रिमांड दे दी।

पुलिस का कहना

प्रारंभिक जांच में पता चला कि डॉ. मुर्डिया की मुलाकात एक परिचित ने विक्रम भट्ट से करवाई थी। उसी दौरान उनकी पत्नी के जीवन पर फिल्म बनाने का प्रस्ताव दिया गया। फिलहाल पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

म्यूजिक, मस्ती, फिर आग ने उजाड़े कई घर

Exit mobile version