Site icon Dainik Savera Times

Operation Sindoor पर गूंजा फिल्मी सितारों का समर्थन, साउथ सुपरस्टार्स ने की भारतीय सेना की सराहना

South superstars praised the Indian Army : भारत ने 15 दिन पहले जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले का मुंहतोड़ जवाब देते हुए बीती रात पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में आतंकी ठिकानों पर बड़ी कार्रवाई की। इस जवाबी हमले को भारतीय सशस्त्र बलों ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ नाम दिया है, जिसमें नौ आतंकी अड्डों को मिसाइलों से तबाह कर दिया गया। अब इस ऐतिहासिक ऑपरेशन पर फिल्म जगत से लगातार प्रतिक्रियाएं आ रही हैं।

जहां बॉलीवुड के सितारे भारतीय सेना की बहादुरी की तारीफ करते नहीं थक रहे, वहीं अब साउथ सिनेमा के दिग्गजों ने भी इस ऑपरेशन पर प्रतिक्रिया दी है। रजनीकांत, अल्लू अर्जुन और चिरंजीवी जैसे बड़े कलाकारों ने देश की एकता और वीर जवानों की सराहना करते हुए सोशल मीडिया पर अपने विचार साझा किए।

रजनीकांत का जोश भरा संदेश

साउथ के महानायक और ‘थलाइवा’ के नाम से मशहूर रजनीकांत ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर एक जोशीला संदेश लिखा – “लड़ाकू विमानों की लड़ाई शुरू हो गई है… जब तक मिशन पूरा न हो जाए, तब तक कोई रोक नहीं! पूरा देश आपके साथ है। जय हिंद।” उन्होंने अपने संदेश में प्रधानमंत्री कार्यालय और गृह मंत्रालय को भी टैग किया।

अल्लू अर्जुन और चिरंजीवी ने भी जताई भावनाएं

‘पुष्पा’ फेम अल्लू अर्जुन ने भी ऑपरेशन सिंदूर का पोस्टर शेयर करते हुए लिखा, “न्याय मिला। जय हिंद।” वहीं, दिग्गज अभिनेता चिरंजीवी ने भी देशभक्ति से ओतप्रोत पोस्ट शेयर करते हुए केवल दो शब्दों में अपनी भावना प्रकट की – “जय हिंद।”

बॉलीवुड भी पीछे नहीं

बॉलीवुड से अक्षय कुमार, रितेश देशमुख, अनुपम खेर, परेश रावल और निमृत कौर जैसी हस्तियों ने भी भारतीय सेना के इस साहसिक कदम की प्रशंसा की है। सभी ने एक सुर में कहा कि देश आतंकवाद के खिलाफ एकजुट है और भारतीय सेना की वीरता पर गर्व है।

 

Exit mobile version