Site icon Dainik Savera Times

गायिका ही नहीं, सफल बिजनेसवुमन भी थीं ताई, जानें कितनी संपत्ति की मालकिन थी आशा भोसले

Asha Bhosle net worth

Asha Bhosle net worth

एंटरटेनमेंट डेस्क: भारतीय संगीत जगत से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। ‘सुरों की मलिका’ के नाम से मशहूर आशा भोसले का 92 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उनके जाने से पूरे देश में शोक की लहर है और संगीत प्रेमियों के लिए यह एक बड़ी क्षति मानी जा रही है। करीब सात दशकों तक चले अपने शानदार करियर में उन्होंने अपनी आवाज से करोड़ों लोगों के दिलों पर राज किया। लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि वह सिर्फ एक महान गायिका ही नहीं, बल्कि एक सफल बिजनेसवुमन भी थीं।

गायकी से कमाई का सफर

आशा भोसले की कमाई का सबसे बड़ा जरिया उनका संगीत रहा। उन्होंने 20 से ज्यादा भाषाओं में 12,000 से अधिक गाने गाए। उनके गानों को आज भी रेडियो, टीवी और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सुना जाता है। पुराने गानों की स्ट्रीमिंग से उन्हें लगातार रॉयल्टी मिलती रही। देश-विदेश में उनके लाइव शो और कॉन्सर्ट से भी अच्छी कमाई होती थी। उनकी आवाज का जादू पीढ़ियों तक चला और यही उनकी सबसे बड़ी ताकत रही।

बिजनेस और निवेश 

आशा जी ने सिर्फ संगीत तक खुद को सीमित नहीं रखा। उन्होंने बिजनेस की दुनिया में भी मजबूत पहचान बनाई। दुबई, कुवैत और यूके जैसे देशों में उनका ‘Asha’s’ नाम से रेस्टोरेंट चेन काफी मशहूर है। मुंबई में उनके पास कई महंगे फ्लैट और बंगले थे। उन्होंने कई बड़े ब्रांड्स के साथ जुड़कर भी निवेश और कमाई की। इस तरह उन्होंने अपनी आमदनी के कई स्रोत बनाए और एक मजबूत आर्थिक आधार तैयार किया।

लग्जरी लाइफस्टाइल और संपत्ति

आशा भोसले को शानदार जिंदगी जीना पसंद था। उन्हें लग्जरी कारों का शौक था, जिनमें Audi जैसी गाड़ियां शामिल थीं। उनके पास हीरे और मोतियों के गहनों का खास कलेक्शन था। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उनकी कुल संपत्ति लगभग ₹80 करोड़ से ₹100 करोड़ के बीच आंकी जाती है।

सम्मान और उपलब्धियां

आशा भोसले को उनके योगदान के लिए कई बड़े पुरस्कारों से सम्मानित किया गया, जिनमें दादा साहब फाल्के पुरस्कार और पद्म विभूषण शामिल है। इनके अलावा भी उन्हें कई अवाॉर्ड्स से सम्मानित किया गया। ये सम्मान उनके लंबे और शानदार करियर की पहचान हैं।

अमूल्य विरासत

आशा भोसले ने सिर्फ धन-संपत्ति ही नहीं, बल्कि अपनी आवाज की एक अमूल्य विरासत छोड़ी है। उन्होंने हमेशा समाज सेवा और जरूरतमंदों की मदद में भी योगदान दिया। आज भले ही वह हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके गाने, उनकी मेहनत और उनकी उपलब्धियां आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेंगी।

Exit mobile version