एंटरटेनमेंट डेस्क : अक्षय कुमार और सैफ अली खान लंबे अंतराल के बाद एक बार फिर बड़े पर्दे पर साथ दिखाई देने वाले हैं। बता दें कि दोनों कलाकार निर्देशक प्रियदर्शन की आगामी फिल्म ‘हैवान’ में अहम भूमिकाएं निभा रहे हैं। फिल्म की घोषणा के बाद से ही दर्शकों के बीच इसे लेकर उत्सुकता बनी हुई थी। अब निर्माताओं ने फिल्म का पहला लुक जारी कर दिया है, जिसके साथ इसकी रिलीज डेट का भी खुलासा कर दिया गया है।
पोस्टर में दिखा फिल्म का दमदार अंदाज
अक्षय कुमार ने अपने सोशल मीडिया पर फिल्म ‘हैवान’ के कई पोस्टर शेयर किए हैं। एक पोस्टर में उन्होंने सिर पर टोपी पहन रखी है और उनकी आंखें ढकी हुई हैं। उनके चेहरे की मुस्कान और लाल रंग का बैकग्राउंड फिल्म के रहस्यमय और डरावने माहौल की झलक देता है। पोस्टर पर लिखा संदेश बदले की कहानी की ओर इशारा करता है।
दूसरे पोस्टर में सैफ अली खान सीधे कैमरे की तरफ देखते नजर आ रहे हैं। उनका लुक काफी गंभीर और दमदार दिखाई देता है। पोस्टर पर लिखा संदेश बताता है कि उनका किरदार बहुत समझदार और ताकतवर होगा। वहीं, एक पोस्टर में अक्षय और सैफ के साथ एक छोटा बच्चा भी दिखाई देता है, जिसके हाथ में टेडी बियर है। माना जा रहा है कि इस बच्चे का फिल्म की कहानी में अहम रोल होगा।
ये भी पढ़ें:
इस दिन रिलीज होगी फिल्म
पोस्टर शेयर करते हुए अक्षय कुमार ने बताया कि ‘हैवान’ 11 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा कि अब हैवानियत की कहानी बड़े पर्दे पर देखने को मिलेगी।
फिल्म में कौन-कौन आएगा नजर
इस फिल्म का निर्देशन प्रियदर्शन ने किया है। फिल्म को केवीएन प्रोडक्शंस और थेस्पियन फिल्म्स ने मिलकर बनाया है। इसमें अक्षय कुमार और सैफ अली खान के अलावा बोमन ईरानी, सैयामी खेर और श्रिया पिलगांवकर भी अहम किरदारों में नजर आएंगे। फिल्म का पहला लुक सामने आने के बाद फैंस काफी उत्साहित हैं। अब सभी को 11 सितंबर का इंतजार है, जब ‘हैवान’ सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
ये भी पढ़ें:

