Last Updated: November 17, 2026

Dainik Savera Times Logo

मैडॉक फिल्म्स की ‘ईठा’ का पहला गाना आउट, श्रद्धा कपूर के अंदाज में दिखी हुनर और हौसले की झलक

November 17, 2026

मैडॉक फिल्म्स की ‘ईठा’ का पहला गाना आउट, श्रद्धा कपूर के अंदाज में दिखी हुनर और हौसले की झलक

एंटरटेनमेंट डेस्क: संगीत की मिठास, लावणी की थिरकन और अदाओं का जबरदस्त तड़का… मैडॉक फिल्म्स और कठपुतली क्रिएशंस अपनी अपकमिंग एपिक म्यूजिकल ड्रामा ‘ईठा’ का पहला गाना ‘जी जी रे जी’ लेकर आ गए हैं। फिल्म के ट्रेलर ने इंटरनेट पर पहले ही खूब हलचल मचा दी थी और अब इस गाने के साथ दर्शकों को ‘ईठा’ की रंगीन और संगीतमय दुनिया की पहली झलक देखने को मिल रही है।

श्रद्धा कपूर इस गाने में ईठा के किरदार में नज़र आ रही हैं। नेशनल अवॉर्ड विनर संगीतकार जोड़ी अजय-अतुल ने इस गाने को कंपोज़, अरेंज, कंडक्ट और प्रोड्यूस किया है।

इसके बोल अमिताभ भट्टाचार्य ने लिखे हैं, जबकि अपनी सुरीली आवाज़ दी है श्रेया घोषाल ने। वैभवी मर्चेंट की शानदार कोरियोग्राफी में श्रद्धा अपने एक्सप्रेसिव मूव्स, दिलकश अदाओं और दमदार स्टेज प्रेजेंस से महफिल लूटती नज़र आ रही हैं। ‘जी जी रे जी’ सिर्फ एक गाना नहीं, बल्कि हौसले, जुनून और एक कलाकार के लीजेंड बनने के सफर का जश्न है।

‘ईठा’ जैसी फिल्म में संगीत सिर्फ कहानी के साथ चलने वाला हिस्सा नहीं, बल्कि इसकी आत्मा है। एक ऐसी कलाकार की कहानी, जिसने अपनी जिंदगी को मिसाल बना दिया, उसमें संगीत ही उसके जज्बात, महत्वाकांक्षा, पहचान और सफर को बयां करने का जरिया बनता है। फिल्म के गाने और इसका म्यूजिकल ट्रीटमेंट दर्शकों को सीधे ईठा की दुनिया में ले जाने के साथ कहानी को उसका भव्य अंदाज़ और थिएट्रिकल एहसास देते हैं।

गाने के म्यूजिक को लेकर अजय-अतुल कहते हैं, “ईठा जैसी फिल्म में संगीत को सिर्फ बैकग्राउंड में नहीं रखा जा सकता। उसे किरदार, उसकी दुनिया और कहानी के इमोशन्स का हिस्सा बनना जरूरी था। ईठा में वो सब कुछ था, जो लोगों ने मंच पर देखा, उससे कहीं ज्यादा भी।

वह एक ऐसी कलाकार थीं, जिनमें गजब की ताकत, नज़ाकत और जज्बा था। ‘जी जी रे जी’ के जरिए हम उनकी इसी ताकत को कुछ दमदार, करिश्माई और सिनेमैटिक अंदाज़ में पेश करना चाहते थे, साथ ही लावणी की पारंपरिक आत्मा को भी बरकरार रखना चाहते थे।

अमिताभ भट्टाचार्य बेहद प्रतिभाशाली हैं और उनके दमदार शब्दों ने हमारी कंपोजिशन में चार चांद लगा दिए। वहीं श्रेया ने अपनी आवाज़ से गाने में जबरदस्त एनर्जी और किरदार भर दिया। इस गाने को जीवंत बनाने में पूरी टीम ने शानदार मेहनत की है। श्रद्धा ने हर एक अदा को सही अंदाज़ में पेश करने के लिए जितनी मेहनत की है, उसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है। उम्मीद है कि दर्शकों को भी इसे देखते हुए वही रोमांच महसूस होगा, जो हमें इसे बनाते वक्त हुआ था।”

नौवारी साड़ी, पारंपरिक गहने, घुंघरू और मंच की रंगीन रौनक… गाने का हर एलिमेंट ईठा की दुनिया की खूबसूरती और समृद्ध संस्कृति को बखूबी दर्शाता है। लेकिन इस गाने की असली जान है एक महिला की ताकत। इसके खूबसूरत बोल ईठा को सिर्फ एक परफॉर्मर के रूप में नहीं, बल्कि ऐसी कलाकार के तौर पर पेश करते हैं, जिसकी खामोश ताकत, महत्वाकांक्षा और अपनी अलग पहचान उसे हमेशा के लिए यादगार बना देती है।

श्रद्धा कपूर के लिए ईठा की दुनिया में कदम रखना एक चुनौती भी था और बेहद खास अनुभव भी। अपने अनुभव को साझा करते हुए श्रद्धा कहती हैं, “ईठा बनकर ‘जी जी रे जी’ पर परफॉर्म करना मेरे लिए बेहद रोमांचक अनुभव रहा।

लावणी में कुछ ऐसा है, जो आपको तुरंत अपनी ओर खींच लेता है। इसकी लय, एक्सप्रेशन्स, एनर्जी और दर्शकों से जुड़ने का अंदाज़ कमाल का है। एक महान कलाकार की दुनिया में इस गाने के जरिए कदम रखना मेरे लिए जितना खूबसूरत था, उतना ही थोड़ा डराने वाला भी। इस गाने के पीछे एक बेहद दमदार कहानी है, क्योंकि यह उस महान कलाकार की जिंदगी में एक बड़ा मोड़ लेकर आता है। उम्मीद है कि दर्शक इस गाने के जरिए हमारी मेहनत और उस कहानी को महसूस कर पाएंगे, जिसे पर्दे पर जीवंत करने की हमने पूरी कोशिश की है।”

गाने की कोरियोग्राफी को लेकर वैभवी मर्चेंट कहती हैं, “एक कलाकार मंच पर आने से पहले अपने साथ कितना कुछ लेकर चलता है, उसके संघर्ष, भावनाएं और वहां तक पहुंचने की ताकत। लेकिन जैसे ही वह मंच पर कदम रखता है, सब कुछ पीछे छोड़कर दर्शकों के साथ एकाकार हो जाता है। ‘जी जी रे जी’ की कोरियोग्राफी का पूरा आधार यही सोच रही है।

श्रद्धा ने इस परफॉर्मेंस में जबरदस्त समर्पण और एनर्जी दिखाई है और कोरियोग्राफी की हर छोटी-बड़ी बारीकी को बेहद खूबसूरती से अपनाया है। अजय-अतुल के संगीत ने हमें एक दमदार लय और एनर्जी दी, जिसके जरिए हमने ईठा की दुनिया को संगीत और मूवमेंट के साथ जीवंत किया।

निर्देशक लक्ष्मण उतेकर के साथ काम करना भी बेहद शानदार अनुभव रहा। वह बेहतरीन फिल्ममेकर होने के साथ एक खूबसूरत सोच रखने वाले इंसान भी हैं। उनकी गर्मजोशी, जुनून और हर किसी से उसका बेस्ट निकलवाने की काबिलियत उन्हें बेहद खास बनाती है।”

श्रेया घोषाल कहती हैं, “कुछ गाने ऐसे होते हैं, जिन्हें आप सिर्फ गाते हैं और कुछ ऐसे होते हैं, जिन्हें आप कुछ मिनटों के लिए जी लेते हैं। ‘जी जी रे जी’ मेरे लिए दूसरा वाला अनुभव रहा। अजय-अतुल ने अपनी कंपोजिशन में लावणी की पूरी आग, चुलबुलापन और नज़ाकत भर दी है और मैं चाहती थी कि ये सारे रंग मेरी आवाज़ में भी महसूस हों।

ईठा के किरदार में श्रद्धा कपूर के लिए गाना गाना मेरे लिए बेहद खुशी की बात थी। वह अपने किरदार में इतनी जान डाल देती हैं कि गाने को गाना और भी मजेदार हो जाता है। ‘ईठा’ मेरे लिए एक खास फिल्म है और इसके संगीत का हिस्सा बनना बेहद संतोषजनक अनुभव रहा। उम्मीद है कि दर्शक इसकी हर धुन में छिपे जुनून और मेहनत को महसूस करेंगे।”

श्रेया घोषाल की दमदार आवाज़, अमिताभ भट्टाचार्य के दिल छू लेने वाले बोल, अजय-अतुल का थिरकने पर मजबूर कर देने वाला संगीत और वैभवी मर्चेंट की शानदार कोरियोग्राफी… ‘जी जी रे जी’ ने ‘ईठा’ की कहानी का मिजाज बखूबी सेट कर दिया है। यह कहानी है एक ऐसी कलाकार की, जिसने रूढ़ियों को चुनौती दी, मुश्किलों का डटकर सामना किया और अपनी मेहनत व हुनर के दम पर एक लीजेंड बनकर उभरी।

‘जी जी रे जी’ अब रिलीज़ हो चुका है। लक्ष्मण उतेकर के निर्देशन में बनी और दिनेश विजान, लक्ष्मण उतेकर तथा करिश्मा शर्मा द्वारा निर्मित ‘ईठा’ 4 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें