Site icon Dainik Savera Times

नेशनल क्रश से इंडस्ट्री की लीडिंग लेडी तक- Rashmika Mandanna का आसमान छूता करियर ग्राफ

मुंबई : दिसंबर का महीना रश्मिका मंदाना के फैंस के लिए हमेशा खास होता है। हर साल दिसंबर में वह स्क्रीन पर अपनी खास उपस्थिति से दर्शकों का दिल जीतती हैं। सही मायनों में कहा जा सकता है कि दिसंबर रश्मिका का महीना है! आप उन्हें शायद गीता गोविंदम की गीता के रूप में याद करते हों या डियर कॉमरेड की लिली के रूप में जानते हों। लेकिन पुष्पा की श्रीवल्ली के रूप में उनका किरदार दर्शकों के दिलों में हमेशा के लिए बस चुका है।

पुष्पा: द राइज में रश्मिका ने अपने चिर-परिचित चुलबुले और एनर्जेटिक अंदाज से हटकर एक शांत, सशक्त और गहराई से भरे किरदार श्रीवल्ली को जीवंत किया। उनके इस रूप ने न केवल उनकी बहुमुखी प्रतिभा को दर्शाया बल्कि उनकी अदाकारी ने हर किसी का दिल जीत लिया। इस किरदार को उनकी सबसे यादगार भूमिकाओं में गिना जाता है।

सिनेमा की दुनिया में रश्मिका का सफर
कर्नाटक में जन्मी रश्मिका मंदाना ने 2016 में किरिक पार्टी से कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री में डेब्यू किया। सान्वी के किरदार ने उन्हें तुरंत साउथ सिनेमा का चहेता चेहरा बना दिया। इसके बाद गीता गोविंदम 2018 और डियर कॉमरेड 2019 जैसी फिल्मों में उन्होंने रोमांटिक और इंटेंस किरदारों को बड़ी खूबसूरती से निभाया, जिससे उन्होंने अपनी अदाकारी की गहराई साबित की।

हालांकि, उनके करियर में बड़ा मोड़ पुष्पा: द राइज (2021) से आया। इसमें उन्होंने एक मजबूत इरादों वाली गांव की लड़की श्रीवल्ली का किरदार निभाया। उनकी इस भूमिका ने पारंपरिक ‘गर्ल-नेक्स्ट-डोर’ इमेज को तोड़ते हुए दर्शकों को एक अलग अंदाज में रश्मिका से रूबरू कराया। फिल्म में मुख्य फोकस अल्लू अर्जुन के किरदार पर था, फिर भी रश्मिका की अदाकारी ने खास पहचान बनाई। उनकी और अल्लू अर्जुन की केमिस्ट्री को दर्शकों ने खूब पसंद किया।

नेशनल स्टारडम और पैन-इंडिया अपील
पुष्पा के बाद रश्मिका ने केवल साउथ सिनेमा में ही नहीं, बल्कि पूरे भारत में अपनी पहचान बना ली। उन्होंने बॉलीवुड में भी कदम रखा और गुडबाय 2022 और मिशन मजनू 2023 जैसी फिल्मों में अपनी जगह पक्की की। रश्मिका की सादगी, खूबसूरती और दमदार अभिनय ने उन्हें हर उम्र के दर्शकों के बीच लोकप्रिय बना दिया है। उनके सोशल मीडिया पर 44.6 मिलियन फॉलोअर्स इंस्टाग्राम)और करीब 5 मिलियन फॉलोअर्स (X) इस बात का सबूत हैं।

रश्मिका मंदाना के लिए आने वाला समय और भी सुनहरा दिख रहा है। उनके पास पुष्पा 2, छावा विक्की कौशल के साथ, कुबेरन धनुष के साथ, और सिकंदर सलमान खान के साथ जैसे बड़े प्रोजेक्ट्स हैं। उन्होंने रैनबो और द गर्लफ्रेंड जैसी फिल्मों की शूटिंग भी पूरी कर ली है।

हर फिल्म के साथ रश्मिका अपने अभिनय की नई ऊंचाइयों को छू रही हैं। फैंस उनकी आने वाली फिल्मों का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। यह कहना गलत नहीं होगा कि रश्मिका मंदाना न केवल एक ‘नेशनल क्रश’ हैं, बल्कि भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी पैन-इंडिया स्टार के रूप में अपनी जगह पक्की कर चुकी हैं।

Exit mobile version