Dainik Savera Times

रिलीज हुआ ‘गणेश: डस्ट टू स्टारडस्ट’ का गाना ‘आया’, सोनू निगम और सावनी रविंद्र ने दी आवाज

एंटरटेनमेंट डेस्क: फिल्म ‘गणेश: डस्ट टू स्टारडस्ट’ के निर्माताओं ने अपना नया गाना ‘आया’ रिलीज कर दिया है। इस भावुक और सुरीली संगीत रचना को मशहूर गायक सोनू निगम और प्रतिभाशाली गायिका सावनी रविंद्र ने अपनी आवाज दी है। माँ के निस्वार्थ प्रेम, अनगिनत त्याग, अटूट हिम्मत और बेशुमार देखभाल को समर्पित यह गाना एक ऐसे खूबसूरत एहसास को बयां करता है, जो हर दिल से जुड़ता है।

अपनी सुकून देने वाली धुन और दिल को छू लेने वाले संगीत के साथ ‘आया’ श्रोताओं को एक भावुक संगीतमय अनुभव देता है। सोनू निगम की खास गायकी और सावनी रविंद्र की भावपूर्ण आवाज मिलकर माँ के प्यार, अपनापन और ममता की गहराई को खूबसूरती से सामने लाती हैं। इस गाने के बोल समीर लालजी पांडे ने लिखे हैं, जबकि इसका संगीत जुनैद कुमार ने तैयार किया है। यह गीत माँ के निस्वार्थ समर्पण और हमारे जीवन को संवारने में उनकी अहम भूमिका को समर्पित एक खूबसूरत श्रद्धांजलि है।

यह गाना उस माँ के प्रेम का उत्सव है, जो बिना किसी उम्मीद के सब कुछ देती है, हर मुश्किल में मजबूती से खड़ी रहती है और बिना किसी शर्त के अपने बच्चों से प्यार करती है। ‘आया’ अपनी मधुर धुन और भावनाओं के जरिए श्रोताओं के दिलों को छूने और पुरानी खूबसूरत यादों को ताजा करने का वादा करता है।

गाने के बारे में बात करते हुए सोनू निगम ने कहा कि ‘आया’ का हिस्सा बनना मेरे लिए एक बहुत अच्छा अनुभव रहा। मुझे खास तौर पर यह पसंद आया कि इसकी धुन और बोल किस तरह मिलकर एक खूबसूरत भावना पैदा करते हैं। गणेश आचार्य और जुनैद कुमार के साथ काम करना शानदार अनुभव था। उम्मीद है कि दर्शकों को भी यह गाना उतना ही पसंद आएगा, जितना इसे बनाते समय हमें अच्छा लगा।

वहीं सावनी रविंद्र ने कहा कि सोनू निगम के साथ गाना गाना मेरे लिए बेहद खास है और ‘आया’ हमेशा मेरे लिए एक यादगार अनुभव रहेगा। इस गाने की धुन बहुत खूबसूरत है और मुझे अपनी आवाज़ के जरिए इसकी भावनाओं को जीवंत करना बहुत अच्छा लगा। गणेश आचार्य के लिखे बोल और जुनैद कुमार का संगीत इस पूरे अनुभव को और भी खास बनाते हैं। मैं बेसब्री से इंतजार कर रही हूं कि दर्शक इस गाने को सुनें और इससे जुड़ाव महसूस करें।

गणेश आचार्य द्वारा लिखित और निर्देशित ‘गणेश: डस्ट टू स्टारडस्ट’ को सौंदर्या आचार्य ने V2S प्रोडक्शन एंड एंटरटेनमेंट के बैनर तले प्रोड्यूस किया है। फिल्म का संगीत जी म्यूजिक कंपनी के पास है और यह 11 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज़ होने के लिए तैयार है।

Exit mobile version