Site icon Dainik Savera Times

Shekhar Tonite : संघर्ष से सफलता तक, Gippy Grewal ने सुनाई अपने जीवन की प्रेरक कहानी

Gippy Grewal

Gippy Grewal

एंटरटेनमेंट डेस्क : हर एपिसोड के साथ ‘शेखर टुनाइट’ दर्शकों को मशहूर हस्तियों की ज़िंदगी के उन पहलुओं से रूबरू कराता है, जो अक्सर सुर्खियों से दूर रह जाते हैं। दिल छू लेने वाली बातचीत और अनसुने खुलासों के जरिए यह शो मेहमानों को अपनी असली कहानी साझा करने का मंच देता है। इसी कड़ी में, पंजाबी सुपरस्टार गिप्पी ग्रेवाल का हालिया एपिसोड सपनों, संघर्षों और सफलता की प्रेरणादायक यात्रा को सामने लाता है।

सफलता की कहानियाँ अक्सर मंज़िल दिखाती हैं, लेकिन उस मंज़िल तक पहुँचने वाले कठिन रास्तों का ज़िक्र कम ही होता है। गिप्पी ग्रेवाल के लिए भी स्टारडम का सफर आसान नहीं था। अनिश्चितताओं, असफलताओं और चुनौतियों से भरे सालों ने उनके हौसले को कई बार परखा। शेखर टुनाइट में शेखर सुमन के साथ खुलकर बातचीत करते हुए गिप्पी ने अपने संघर्षों और उस रिश्ते के बारे में बात की, जिसने हर मुश्किल दौर में उनका साथ निभाया।

अपने करियर के शुरुआती दिनों में गिप्पी ने तीन एल्बम रिलीज़ किए, लेकिन उन्हें अपेक्षित सफलता नहीं मिली। तीसरे एल्बम के बाद उन्होंने अपनी गर्लफ्रेंड से शादी की और कनाडा चले गए, जहाँ जिंदगी ने उनके सामने नई चुनौतियाँ खड़ी कर दीं। मनोरंजन जगत और अपने देश से दूर, दोनों को शून्य से शुरुआत करनी पड़ी। ऐसे समय में उनका रिश्ता ही उनकी सबसे बड़ी ताकत बना।

उन दिनों को याद करते हुए गिप्पी ने कहा,”शादी के बाद मैं कनाडा चला गया। वहाँ मैंने काम करना शुरू किया और कई तरह की नौकरियाँ कीं।” जब उनसे उन नौकरियों के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने बताया, “मेरी पहली नौकरी सिक्योरिटी गार्ड की थी। बाद में मैं एक साथ तीन-तीन नौकरियाँ कर रहा था। सुबह मैं और मेरी पत्नी अखबार बाँटते थे, फिर वह अपने काम पर चली जाती थीं। वह सबवे (सैंडविचेस) में मैनेजर थीं। शाम को हमने एक मॉल में सफाई का कॉन्ट्रैक्ट लिया हुआ था। उस समय हम सिर्फ दो लोग थे मैं और मेरी पत्नी।”

इन संघर्षों ने उनके रिश्ते को कैसे मजबूत बनाया, इस बारे में गिप्पी ने कहा,”सुबह अखबार बाँटने और शाम को सफाई करने का काम हम दोनों साथ करते थे। उन घंटों में हमारी बहुत सारी बातें होती थीं। हम अपने भविष्य की योजनाओं पर चर्चा करते थे कि क्या करना है, कैसे करना है और आगे बढ़ने के लिए कौन-कौन से कदम उठाने हैं। हमने अपनी कमाई को बचाया, उसे जोड़ा और उसी पैसे से मैंने अपना अगला एल्बम बनाया।”

शेखर टुनाइट में गिप्पी ग्रेवाल ने सफलता से पहले किए गए त्याग, कठिन परिश्रम और उस अटूट रिश्ते को याद किया, जिसने हर मोड़ पर उनका साथ दिया। गिप्पी ग्रेवाल और शेखर सुमन की यह दिल से की गई खास बातचीत देखने के लिए शेखर टुनाइट देखें, केवल यूट्यूब पर।

Exit mobile version