Last Updated: November 27, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘Gunmaster G9’ Film Review: स्वैग, एक्शन और रहस्य का तड़का, लेकिन कहानी में नहीं दिखा दम

November 27, 2026

‘Gunmaster G9’ Film Review: स्वैग, एक्शन और रहस्य का तड़का, लेकिन कहानी में नहीं दिखा दम

एंटरटेनमेंट डेस्क (फरीद शेख): इमरान हाशमी की इमेज अब तक रोमांस, थ्रिलर और गंभीर किरदारों के लिए रही है, लेकिन गनमास्टर जी9 में वह एक अलग अंदाज में नजर आते हैं।

हाथ में बंदूक, चेहरे पर बेखौफ अंदाज और दुश्मनों से भिड़ने का स्टाइल फिल्म को एक एक्शन पैकेज बनाने की कोशिश करता है। फिल्म में उनका स्वैग जरूर आकर्षित करता है, लेकिन सिर्फ स्टाइल के सहारे हर कहानी मजबूत नहीं बन पाती।

कहानी और स्क्रीनप्ले

फिल्म की कहानी अपराध, बदले, परिवार और अतीत से जुड़े रहस्यों के इर्द-गिर्द घूमती है। देसू राठी (अपारशक्ति खुराना) का किरदार एक खौफनाक अपराधी के रूप में सामने आता है, जिसके दबदबे के बीच ईश्वर (इमरान हाशमी) अपनी सामान्य जिंदगी जीने की कोशिश करता है। पत्नी आरती (जिनेलिया देशमुख) और बेटी के साथ उसका जीवन तब बदल जाता है, जब परिस्थितियां उसे फिर हिंसा और अपराध की दुनिया में लौटने के लिए मजबूर करती हैं।

कहानी में कई रहस्य, पुराने रिश्ते और चौंकाने वाले मोड़ शामिल हैं। इंटरवल के आसपास फिल्म एक नया मोड़ लेती है, जो दर्शकों की दिलचस्पी बढ़ाता है। हालांकि, पटकथा में कई जगह जल्दबाजी महसूस होती है। कहानी को जिस गहराई और मजबूती की जरूरत थी, वह पूरी तरह उभरकर सामने नहीं आ पाती।

अभिनय

इमरान हाशमी अपने स्टाइल और स्क्रीन प्रेजेंस से फिल्म को संभालने की कोशिश करते हैं। एक्शन दृश्यों में उनका अंदाज आकर्षक है और उनका स्वैग फिल्म के कुछ हिस्सों को मनोरंजक बनाता है। जिनेलिया देशमुख अपने किरदार में सहज दिखाई देती हैं और भावनात्मक दृश्यों में ठीक प्रभाव छोड़ती हैं।

अपारशक्ति खुराना का नकारात्मक किरदार फिल्म के आकर्षण को बढ़ाता है। उनका हावभाव और संवाद अदायगी कई दृश्यों में प्रभावी है। कलाकारों का प्रदर्शन कहानी को सहारा देता है, लेकिन कमजोर लेखन के कारण सभी किरदारों को बराबर प्रभावशाली मौके नहीं मिल पाते।

निर्देशन और तकनीकी पक्ष

निर्देशक आदित्य दत्त फिल्म को बड़े पर्दे के लिए एक स्टाइलिश एक्शन एंटरटेनर बनाने की कोशिश करते हैं। एक्शन सीक्वेंस, बैकग्राउंड म्यूजिक और सिनेमाई प्रस्तुति फिल्म के माहौल को बनाने में मदद करते हैं। कुछ दृश्य रोमांच पैदा करते हैं, लेकिन शुरुआती हिस्से में कहानी की गति और घटनाओं का तालमेल थोड़ा अस्थिर लगता है। सेकंड हाफ में एक्शन बढ़ता है, मगर स्क्रीनप्ले में और कसावट होती तो फिल्म का प्रभाव कहीं बेहतर हो सकता था।

फिल्म देखें या नहीं?

गनमास्टर जी9 में एक्शन, स्वैग, इमोशन और रहस्य का मिश्रण है। इमरान हाशमी का नया अंदाज और अपारशक्ति खुराना की खलनायकी फिल्म के सकारात्मक पहलू हैं। वहीं कमजोर कहानी, कुछ जल्दबाजी वाले घटनाक्रम और स्क्रीनप्ले की कमी इसे एक यादगार सिनेमाई अनुभव बनने से रोकती है। एक्शन फिल्मों के शौकीन इसे एक बार देख सकते हैं, लेकिन फिल्म से बहुत ज्यादा उम्मीदें रखना ठीक नहीं होगा।

दैनिक सवेरा टाइम्स न्यूज़ मीडिया नेटवर्क की ओर से फिल्म को 5 में से 2.स्टार।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें