Dainik Savera Times

Yo Yo Honey Singh के लाइव शो से पहले छिड़ा विवाद, DCPO ने की हस्तक्षेप की मांग, इन गानों पर लग सकती है रोक

Honey Singh Pune Live Show

Honey Singh Pune Live Show: पुणे में 4 अप्रैल 2026 को आयोजित होने वाले मशहूर रैपर ‘हनी सिंह’ के लाइव शो से पहले विवाद खड़ा हो गया है। जिला बाल संरक्षण अधिकारी (DCPO) पुणे ने कार्यक्रम को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए पुलिस आयुक्त से हस्तक्षेप की मांग की है। महालक्ष्मी लॉन्स में प्रस्तावित इस कार्यक्रम को लेकर DCPO ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि मंच पर ऐसे गानों की प्रस्तुति न हो, जिनमें अश्लीलता, शराब, ड्रग्स या गन संस्कृति को बढ़ावा दिया जाता हो। यह कार्रवाई चंडीगढ़ के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. पंडितराव धरनेवर द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर की गई है।

इन गानों पर रोक की मांग

नोटिस में विशेष रूप से हनी सिंह के कुछ लोकप्रिय गानों “वन बॉटल डाउन”, “चार बॉटल वोडका”, “मनाली ट्रांस”, “दिस पार्टी गेटिंग हॉट”, “मखना” और “गोलियां” को मंच पर गाने से रोकने की बात कही गई है। अधिकारियों का मानना है कि इस तरह के गानों का बच्चों और युवाओं के मानसिक स्वास्थ्य पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है। इसके अलावा “मिलियनेयर” गाने पर भी आपत्ति जताई गई है। नोटिस के अनुसार, इस गाने में तंबाकू उत्पादों को बढ़ावा देने का आरोप है, जो सार्वजनिक मंचों के लिए उपयुक्त नहीं माना गया है।

ये भी पढ़ें- West Asia Conflict: ईरान के एक बड़े पुल पर हवाई हमला, 8 लोगों की मौत, 95 घायल

पंजाब सरकार के फैसले का हवाला

DCPO ने अपने निर्देश में पंडितराव धरनेवर बनाम पंजाब सरकार के फैसले का भी हवाला दिया है। 22 जुलाई 2019 को आए इस आदेश में ऐसे गानों को लाइव शो में प्रस्तुत करने पर रोक लगाने की बात कही गई थी, जिनसे समाज पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। नोटिस में यह भी कहा गया है कि कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की अश्लील भाषा का उपयोग न किया जाए। अधिकारियों ने यह भी उल्लेख किया कि पहले के कुछ आयोजनों में कलाकार द्वारा आपत्तिजनक भाषा के इस्तेमाल की शिकायतें सामने आई थीं।

ये भी पढ़ें-  Punjab Weather: पंजाब के कई जिलों में आंधी-बारिश के साथ पड़ेंगे ओले, IMD ने जारी किया अलर्ट

कार के उपयोग को लेकर भी आपत्ति

शिकायतकर्ता डॉ. धरनेवर ने मंच पर कार के उपयोग को लेकर भी आपत्ति जताई है और इसे रोकने के लिए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि निर्देशों का उल्लंघन होता है, तो कार्यक्रम को बीच में ही रोका जा सकता है।

 

Exit mobile version