Site icon Dainik Savera Times

उम्मीद है ‘पठान’ की सफलता से बॉयकॉट संस्कृति खत्म होगी: शबाना आजमी

मुंबई: बॉलीवुड अभिनेत्री शबाना आजमी ने फिल्म ‘पठान’ की रिकॉर्ड तोड़ सफलता को एक प्रकार का प्रमाण पत्र करार देते हुए कहा कि शाहरुख खान अभिनीत फिल्म का बॉक्स आफिस पर धमाकेदार प्रदर्शन उम्मीद जगाता है कि बॉयकॉट की संस्कृति अंतत: समाप्त होगी। करीब 50 दिन पहले प्रर्दिशत फिल्म पहले ही पुरी दुनिया से करीब एक हजार करोड़ रुपये की कमाई कर चुकी है। आजमी ने कहा कि यश राज फिल्म्स के बैनर तले बनी फिल्म के हिट होने की उम्मीद उन्हें थी लेकिन इस कदर मिली सफलता से वह हतप्रभ हैं।

आजमी ने कहा, ‘‘ मैं ‘पठान’ से प्रेम करती हूं, मेरे हृदय से आवाज निकल रही थी कि ‘पठान’ हिट होगी, लेकिन यह इतनी अधिक सफल हुई कि यह प्रमाण पत्र की तरह सामने आई। मैं इस फिल्म को लेकर बहुत अधिक प्रसन्न हूं।’’ आजमी ने कहा, ‘‘ मुझे उम्मीद है कि इससे बॉयकॉट संस्कृति खत्म होगी क्योंकि फिल्म की सफलता वास्तव में इसका जवाब है। मुझे फिल्म में मजा आया।’’ 2022 में सोशल मीडिया पर लोगों के एक वर्ग द्वारा बॉयकॉट अभियान चलाए जाने के बीच कई बड़े बजट की फिल्में थियेटरों तक लोगों को खींचने में विफल रही थीं जिनमें आमिर खान की ‘लाल सिंह चड्ढा’, रणबीर कपूर अभिनीत ‘शमशेरा’, अक्षय कुमार की ‘रक्षाबंधन’, और ऋतिक रौशन एवं सैफ अली खान की ‘विक्रम वेधा’ शामिल थीं।

Exit mobile version