
एंटरटेनमेंट डेस्क : रणवीर सिंह स्टारर धुरंधर इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार प्रदर्शन कर रही है। बता दें कि रिलीज के महज पांच दिनों के भीतर फिल्म करीब 160 करोड़ रुपये की कमाई के आँकड़े को छू चुकी है। दर्शकों के साथ-साथ बॉलीवुड सेलेब्रिटीज भी फिल्म की तारीफ करने से पीछे नहीं हट रहे। अब इस सूची में एक्टर ऋतिक रोशन का नाम भी जुड़ गया है, जिन्होंने सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर अपना रिव्यू साझा किया।
ऋतिक रोशन को पसंद आई ‘धुरंधर’
ऋतिक ने लिखा कि उन्हें ऐसी कहानियाँ बेहद पसंद आती हैं, जहाँ किरदार हालातों के भंवर में फंसकर कहानी को अपनी दिशा खुद चुनने देते हैं। उनके मुताबिक, धुरंधर अपनी स्टोरीटेलिंग और प्रस्तुति के कारण एक यादगार सिनेमैटिक अनुभव बन जाती है। उन्होंने कहा कि बतौर ‘स्टूडेंट ऑफ सिनेमा’ फिल्म ने उन्हें बहुत कुछ सिखाया और कई बार चौंकाया।
हालाँकि, उन्होंने साफ किया कि फिल्म की राजनीतिक दृष्टि से वह पूरी तरह सहमत नहीं हैं। उनका कहना था कि फिल्मों का असर समाज पर बड़ा होता है और इस वजह से फिल्ममेकर की जिम्मेदारी भी बढ़ जाती है जिस पर बहस की गुंजाइश हमेशा रहती है। इसके बावजूद उन्होंने माना कि फिल्म की क्राफ्ट और विज़न की तारीफ किए बिना वह नहीं रह सके।

वॉर के डायरेक्टर कर चुके तारीफ
इससे पहले वॉर के निर्देशक सिद्धार्थ आनंद भी फिल्म की जमकर प्रशंसा कर चुके हैं। उन्होंने धुरंधर को “नशा” बताया था ऐसा अनुभव जो थिएटर से निकलने के बाद भी लंबे समय तक दर्शक के साथ बना रहता है। उन्होंने डायरेक्टर आदित्य धर की मेहनत, पैशन और हर विभाग में दिखाई गई पॉलिश्ड परफॉर्मेंस को फिल्म की सबसे बड़ी ताकत बताया।
फिल्म की कहानी हमजा अली मजारी नाम के एक रहस्यमयी शख्स के इर्द-गिर्द घूमती है, जो पाकिस्तान में एक कुख्यात गैंग में शामिल होकर गुप्त मिशन अंजाम देता है। रणवीर सिंह, संजय दत्त, अर्जुन रामपाल, आर. माधवन और सारा अर्जुन सहित कई कलाकार इसमें नजर आते हैं। 5 दिसंबर को रिलीज हुई धुरंधर का दूसरा पार्ट 19 मार्च 2026 को आने वाला है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...