Site icon Dainik Savera Times

IFFM 2024: Rani Mukerji और Karan Johar को ऑस्ट्रेलियाई संसद से मिला न्योता, जानें वजह

मुंबई: बॉलीवुड एक्ट्रेस रानी मुखर्जी और फिल्म मेकर करण जौहर 13 अगस्त को ऑस्ट्रेलियाई संसद में भाषण देंगे। दरअसल, मेलबर्न में 15 अगस्त से 15 वां वार्षिक मेलबर्न का इंडियन फिल्म फेस्टिवल (आईएफएफएम) शुरू होने जा रहा है। इस मौके पर दोनों स्टार सिनेमा और यहां के कल्चर के बारे में लोगों को संबोधित करेंगे। फेस्टिवल में इनवाइट होने को लेकर रानी ने कहा,

“सिनेमा के जरिए ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच बढ़ते सांस्कृतिक संबंधों के बारे में बात करना मेरे लिए सम्मान की बात होगी। “तमिल, तेलुगु, मलयालम, कन्नड़, मराठी, गुजराती, पंजाबी, बंगाली, असमिया, ओडिया, हिंदी और अन्य भाषाओं से बना भारतीय सिनेमा इस समय दुनिया भर में पॉप कल्चर को आकार देने में सबसे आगे है, हमारा टैलेंट और हमारी फिल्में ग्लोबल लेवल पर अपनी छाप छोड़ रही हैं।”

रानी ने कहा कि भारतीय सिनेमा दुनिया में बहुत खुशी लाता है। ,हमारी फिल्में लोगों के जीवन में खुशियां और रंग लाती हैं। मैं एक कलाकार हूं और मुझे यह देखकर खुशी होती है कि लोग हमारी फिल्मों से अलग-अलग भावनाएं महसूस करते हैं, जैसे कि हंसी, दर्द, प्यार, और उत्साह। हमारी फिल्में लोगों को एक यात्रा पर ले जाती हैं जहां वे अपनी भावनाओं को महसूस कर सकते हैं और अपने जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला सकते हैं।

मैं ऑस्ट्रेलियाई संसद भवन में अपने देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए बहुत आभारी हूं।” मुख्य भाषण में कई प्रतिष्ठित व्यक्तियों, संसद सदस्यों, और विभिन्न मंत्रियों के शामिल होने की उम्मीद है। फिल्ममेकर करण जौहर ने कहा, “मैं इस ऐतिहासिक कार्यक्रम का हिस्सा बनकर रोमांचित हूं। यह देखना अविश्वसनीय है कि एक इंडस्ट्री के रूप में हम जो कहानियां बनाते हैं,

वे कितनी दूर तक जाती हैं और यह क्षण भारतीय सिनेमा के बढ़ते प्रभाव का प्रमाण है।’ उन्होंने कहा, “मैं इस निमंत्रण के लिए सदन और संसद के सदस्यों का आभारी हूं। फेस्टिवल डायरेक्टर मीतू भौमिक ने कहा, “ऑस्ट्रेलियाई संसद भवन में मुख्य वक्ता के रूप में रानी मुखर्जी और करण जौहर का होना फेस्टिवल के बढ़ते प्रभाव और मान्यता का प्रमाण है।” फेस्टिवल का समापन 25 अगस्त को होगा।

 

Exit mobile version