Site icon Dainik Savera Times

भारतीय अर्थव्यवस्था की तूफानी रफ्तार जारी, तीसरी तिमाही में GDP 7.8% बढ़ी

नई दिल्ली: भारत की अर्थव्यवस्था की रफ्तार बरकरार है। वित्त वर्ष 2025-26 की तीसरी तिमाही में जीडीपी की विकास दर 7.8 प्रतिशत रही, जो पिछले साल की समान अवधि में 7.4 प्रतिशत थी। यह जानकारी सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रलय ने शुक्रवार को जारी की। पहली बार जीडीपी के आंकड़े नए आधार वर्ष 2022-23 के अनुसार जारी किए गए हैं, जो पहले 2011-12 था। मंत्रलय के अनुसार, तीसरी तिमाही में नाममात्र जीडीपी वृद्धि दर 8.9 प्रतिशत रही। अक्टूबर-दिसंबर अवधि में रियल ग्रॉस वैल्यू एडेड (जीवीए) 7.8 प्रतिशत और नाममात्र जीवीए 8.2 प्रतिशत की दर से बढ़ा।

विनिर्माण और सेवाक्षेत्र में मजबूत प्रदर्शन :-

सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, विनिर्माण क्षेत्र में 13.3 प्रतिशत की जीवीए वृद्धि दर्ज की गई। ट्रेड, होटल, ट्रांसपोर्ट, कम्युनिकेशन और ब्रॉडकास्टिंग सेवाओं में 11 प्रतिशत तथा वित्तीय, रियल एस्टेट, आईटी और प्रोफेशनल सेवाओं में 11.2 प्रतिशत की वृद्धि रही। तीसरी तिमाही में नाममात्र जीवीए में तृतीयक क्षेत्र की हिस्सेदारी 52.9 प्रतिशत, द्वितीयक क्षेत्र की 24.8 प्रतिशत और प्राथमिक क्षेत्र की 22.3 प्रतिशत रही। मंत्रलय ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए दूसरा अग्रिम अनुमान भी जारी किया है, जिसमें जीडीपी वृद्धि दर 7.6 प्रतिशत रहने का अनुमान है। वित्त वर्ष 2024-25 में यह 7.1 प्रतिशत थी। वहीं, चालू वित्त वर्ष में नाममात्र जीडीपी वृद्धि 8.6 प्रतिशत रहने का अनुमान है।

Exit mobile version